News Saga Desk
झारखंड की राजनीति के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री माधव लाल सिंह का मंगलवार को रांची के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे और राजधानी रांची में उनका इलाज जारी था। उनके निधन की खबर से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
अस्पताल में निधन के बाद उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए झारखंड विधानसभा लाया गया। विधानसभा परिसर में मंत्री योगेंद्र प्रसाद, मंत्री दीपिका पांडे सिंह सहित विधानसभा कर्मियों और कई जनप्रतिनिधियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। श्रद्धांजलि सभा के बाद उनका पार्थिव शरीर पैतृक आवास गोमिया के लिए रवाना किया गया।
श्रद्धांजलि देने के बाद मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि माधव लाल सिंह बेहद सरल और अच्छे स्वभाव के इंसान थे। उनका जनता से हमेशा सीधा जुड़ाव रहा और वे लोगों के बीच लोकप्रिय नेता के रूप में जाने जाते थे। वहीं मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने उन्हें जिंदादिल और जनप्रिय नेता बताते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में वे शोक संतप्त परिवार के साथ खड़ी हैं।
माधव लाल सिंह गोमिया विधानसभा क्षेत्र से चार बार विधायक चुने गए थे। उन्होंने वर्ष 1985, 1990, 2000 और 2009 में गोमिया विधानसभा का प्रतिनिधित्व किया। बिहार और झारखंड दोनों दौर की राजनीति में उन्होंने सक्रिय भूमिका निभाई और जनहित के मुद्दों को लगातार उठाया।
No Comment! Be the first one.