रांची पुलिस ने हरमू और सदर थाना क्षेत्र में हुई छिनतई और लूटपाट की घटनाओं का खुलासा करते हुए चार अपराधियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से हथियार, मोबाइल फोन, सोने के आभूषण और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की गई।
News Saga Desk
Ranchi | Ranchi पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई छिनतई और लूटपाट की घटनाओं का खुलासा करते हुए कुल चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटे गए सामान, हथियार और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की है।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र के हरमू बाईपास रोड स्थित शिवगंज गली नंबर-03 में मॉर्निंग वॉक से लौट रही 75 वर्षीय महिला कृष्णा देवी से बाइक सवार अपराधियों ने सोने की चेन और झुमका छीन लिया था। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहित कुमार ठाकुर, रोहित राज और अमन सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से सोने जैसे झुमके, चेन, मास्क, तीन मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल की गई पल्सर बाइक बरामद की है।
वहीं, सदर थाना क्षेत्र में कांटा टोली-कोकर चौक के बीच टोटो सवार यात्रियों और राहगीरों से हथियार के बल पर लूटपाट करने वाले अपराधी दिलकश गद्दी को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उसके पास से एक लोडेड देशी कट्टा, चाकू और लूट के चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। वहीं, मामले में शामिल अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
No Comment! Be the first one.