खूंटी में वरिष्ठ नागरिकों की सहायता के लिए चार सुविधा केंद्र स्थापित

NEWS SAGA DESK

खूंटी :- जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए) की ओर से जिले में वरिष्ठ नागरिकों की सहायता और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए चार वरिष्ठजन सहायता एवं सुविधा केंद्र स्थापित किए गए हैं। यह पहल प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष डीएलएसए खूंटी रसिकेश कुमार के मार्गदर्शन में शुरू की गई है।

डीएलएसए के अनुसार, संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा प्रतिवर्ष 15 जून को विश्व वरिष्ठजन दुर्व्यवहार जागरूकता दिवस मनाया जाता है। इसी के मद्देनजर राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) ने जून माह को वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों, संरक्षण और न्याय तक उनकी पहुंच सुनिश्चित करने के लिए समर्पित किया है।

जिले में बैंक ऑफ इंडिया की खूंटी शाखा, प्रखंड कार्यालय, पिपरटोली स्थित वृद्धाश्रम और डीएलएसए खूंटी के फ्रंट ऑफिस में वरिष्ठजन सहायता एवं सुविधा केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। प्रत्येक केंद्र पर दो-दो पारा विधिक स्वयंसेवकों (पीएलवी) की प्रतिनियुक्ति की गई है, जिनमें एक महिला स्वयंसेवक की उपस्थिति अनिवार्य रखी गई है।

ये स्वयंसेवक वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं को सुनकर उन्हें आवश्यक कानूनी सलाह और सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का कार्य कर रहे हैं।

केंद्रों पर माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण एवं कल्याण अधिनियम, 2007 से संबंधित मामलों में निःशुल्क कानूनी परामर्श दिया जा रहा है। इसके साथ ही पेंशन, स्वास्थ्य सुविधाएं, आयुष्मान भारत योजना, बीमा सुरक्षा, दिव्यांगता सहायता और विधवा पेंशन जैसी विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में भी सहायता प्रदान की जा रही है।

डीएलएसए द्वारा वरिष्ठ नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है। उन्हें ओटीपी ठगी, फर्जी केवाईसी कॉल, ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी और अन्य साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए जा रहे हैं।

प्राधिकरण ने बताया कि केंद्रों पर प्राप्त आवेदनों के संबंध में संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

डीएलएसए के अनुसार ये सभी सहायता केंद्र जून माह के अंत तक संचालित रहेंगे। वहीं, 15 जून को विश्व वरिष्ठजन दुर्व्यवहार जागरूकता दिवस के अवसर पर विशेष विधिक जागरूकता कार्यक्रम और विधिक सहायता शिविरों का आयोजन भी किया जाएगा।

डीएलएसए ने जिले के सभी वरिष्ठ नागरिकों और उनके परिजनों से इन सुविधा केंद्रों का लाभ उठाने की अपील की है।

Read More News

पलामू इंजीनियरिंग कॉलेज के गर्ल्स हॉस्टल मेस में बड़ी गड़बड़ी, एक्सपायर खाद्य पदार्थ जब्त

पलामू इंजीनियरिंग कॉलेज गर्ल्स हॉस्टल मेस की जांच में एक्सपायर व मिसब्रांडेड खाद्य पदार्थ मिले।...

झारखंड के दुमका के रेशम किसान शम्भूनाथ देहरी को राष्ट्रीय सम्मान, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने किया पुरस्कृत

दुमका के रेशम किसान शम्भूनाथ देहरी को केंद्रीय रेशम बोर्ड के 77वें स्थापना दिवस पर ‘प्राइवेट...

बिहार विधान परिषद चुनाव: जन सुराज ने 5 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए, प्रशांत किशोर का शिक्षकों से 3 बड़े वादे

बिहार विधान परिषद चुनाव में जन सुराज ने 5 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए। प्रशांत किशोर ने शिक्षकों...

Read More