News Saga Desk
कहा जाता है कि अगर हौसले बुलंद हों तो उम्र और परिस्थितियां कभी सफलता की राह नहीं रोक सकतीं। रांची के युवा तैराक इशांक सिंह ने इस कहावत को सच साबित कर दिखाया है। धुर्वा डैम में अभ्यास करने वाले इशांक ने समुद्र की खतरनाक लहरों को चुनौती देते हुए ऐसा विश्व रिकॉर्ड बनाया है, जिस पर पूरे झारखंड को गर्व है।
श्रीलंका के तलाईमन्नार से भारत के धनुषकोडी तक फैले 29 किलोमीटर लंबे और बेहद चुनौतीपूर्ण ‘पाक स्ट्रेट’ समुद्री मार्ग को इशांक सिंह ने महज 9 घंटे 50 मिनट में तैरकर पार कर लिया। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बाद शुक्रवार को जब इशांक रांची लौटे तो उनका भव्य स्वागत किया गया। एयरपोर्ट से लेकर शहर तक लोगों ने उनका अभिनंदन किया और बधाई देने वालों का तांता लगा रहा।
इशांक ने 30 अप्रैल को यह कारनामा कर इतिहास रच दिया। वह ‘पाक स्ट्रेट’ का समुद्री रास्ता पार करने वाले दुनिया के सबसे कम उम्र के स्विमर बन गए हैं। उनकी इस उपलब्धि को मान्यता देते हुए यूनिवर्सल रिकॉर्ड्स फोरम ने उन्हें ‘Youngest and Fastest Palk Strait Swimmer’ का विश्व रिकॉर्ड सर्टिफिकेट भी प्रदान किया है।
इशांक की सफलता के पीछे उनकी मेहनत के साथ परिवार का मजबूत समर्थन भी रहा। उनकी मां मनीषा बताती हैं कि जिस उम्र में बच्चे पानी से डरते हैं, उस उम्र में इशांक की जिद समुद्र में रिकॉर्ड बनाने की थी। उन्होंने बेटे के सपने को समझा और हर कदम पर उसका साथ दिया।
इशांक की मां मनीषा ने बताया “इशांक ने धुर्वा डैम में लगातार अभ्यास किया। कई बार कठिन परिस्थितियां भी आईं, लेकिन उसका जुनून कभी कम नहीं हुआ। जिस उम्र में बच्चे पानी से भागते हैं, उस समय उसका सपना रिकॉर्ड बनाने का था।”रांची के धुर्वा डैम से शुरू हुई यह यात्रा अब विश्व रिकॉर्ड तक पहुंच चुकी है। इशांक की यह उपलब्धि सिर्फ उनके परिवार के लिए नहीं, बल्कि पूरे झारखंड और देश के लिए गर्व की बात बन गई है।
No Comment! Be the first one.