कोयला इलाके में गैंगवार, गोलीबारी में तीन लोग घायल

News Saga Desk

धनबाद के कतरास थाना क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबार पर वर्चस्व को लेकर दो गुटों के बीच खूनी गैंगवार का मामला सामने आया है। बुधवार देर रात छाताबाद स्थित कैलूडीह मैदान के पास अचानक हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। बताया जा रहा है कि रात करीब एक बजे स्कॉर्पियो सवार कुछ हथियारबंद अपराधी मौके पर पहुंचे और कैलूडीह मस्जिद भवन के समीप अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद दूसरे गुट की ओर से भी जवाबी फायरिंग की गई, जिससे इलाका गोलियों की आवाज से गूंज उठा। इस गैंगवार में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में मो. तौसिफ, नीतीश कुमार यादव और एक अन्य व्यक्ति शामिल हैं। तौसिफ के कंधे में गोली लगी है, जबकि नीतीश यादव की जांघ में गोली लगने की सूचना है। गंभीर रूप से घायल तौसिफ को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए दुर्गापुर रेफर कर दिया गया है।

घटना की जानकारी मिलते ही बाघमारा एसडीपीओ अजीत कुमार विमल, कतरास थाना प्रभारी प्रवीण कुमार समेत कई थानों की पुलिस भारी संख्या में मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी अभियान शुरू कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल से कई खोखे बरामद किए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। प्रारंभिक जांच में मामला अवैध कोयला खनन और कोयला तस्करी में वर्चस्व की लड़ाई से जुड़ा बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, इलाके में लंबे समय से चोरी के कोयले का अवैध कारोबार चल रहा है और इसी को लेकर दोनों गुटों के बीच विवाद जारी था। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

Read More News

Read More