स्वास्थ्य विभाग घोटाले की स्वतंत्र जांच की मांग, भाजपा ने मंत्री को बर्खास्त करने की उठाई मांग

News Saga Desk

राजधानी रांची स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में शनिवार को भाजपा विधायक Naveen Jaiswal ने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए झारखंड के स्वास्थ्य विभाग में कथित घोटाले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। भाजपा ने मुख्यमंत्री से मामले का संज्ञान लेते हुए स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराने की मांग की है।

संवाददाताओं को संबोधित करते हुए नवीन जायसवाल ने कहा कि राज्य के मुख्य सचिव द्वारा स्वास्थ्य विभाग में हुए कथित घोटाले की जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग के सचिव को पत्र लिखना स्वागत योग्य कदम है। हालांकि उन्होंने आशंका जताई कि विभागीय जांच में मामले की लीपापोती हो सकती है।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की मांग है कि पूरे मामले की जांच किसी स्वतंत्र एजेंसी से कराई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि इस घोटाले में शामिल मंत्री को तत्काल पद से बर्खास्त किया जाना चाहिए।

भाजपा विधायक ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग से जुड़े अधिकारियों पर भी प्राथमिकी दर्ज होनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि भाजपा पहले भी स्वास्थ्य विभाग में कथित अनियमितताओं और घोटालों से जुड़े कई मामलों को उजागर कर चुकी है।

नवीन जायसवाल ने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य मंत्री के करीबी लोगों के एक ही परिवार के छह सदस्यों ने अलग-अलग कंपनियां बनाकर टेंडर लेने का काम किया। उन्होंने कहा कि राज्य में झारखंड मुक्ति मोर्चा, कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल की सरकार बनने के बाद से भ्रष्टाचार के कई मामले सामने आए हैं।

उन्होंने आगे कहा कि राज्य में पहले बालू, फिर कोयला और जमीन से जुड़े मामलों में लूट हुई और अब ट्रेजरी घोटाले ने यह साबित कर दिया है कि सरकारी खजाना भी सुरक्षित नहीं है। भाजपा विधायक ने ट्रेजरी घोटाले की जांच सीबीआई से कराने की भी मांग की।

Read More News

स्वास्थ्य विभाग घोटाले की स्वतंत्र जांच की मांग, भाजपा ने मंत्री को बर्खास्त करने की उठाई मांग

रांची में भाजपा विधायक नवीन जायसवाल ने स्वास्थ्य विभाग में हुए कथित घोटाले की स्वतंत्र एजेंसी से...

Read More