News Saga Desk
तज हवाओं के साथ गिर सकती है बिजली, मौसम केंद्र ने लोगों को घरों में रहने और सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की दी सलाह।
Jharkhand Rain Alert: झारखंड में मौसम का मिजाज बिगड़ गया है। मौसम विभाग ने रविवार को राज्य के 11 जिलों में भारी बारिश और वज्रपात का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। घर से निकलने से पहले देखें प्रभावित जिलों की पूरी लिस्ट।
रांची: झारखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदला हुआ है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने राज्य के 11 जिलों में रविवार को गर्जन के साथ बारिश, आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। इसे देखते हुए विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।
मौसम विभाग के अनुसार, रांची, बोकारो, लोहरदगा, गुमला, धनबाद, कोडरमा, गिरिडीह, हजारीबाग, रामगढ़, खूंटी और सिमडेगा जिलों में रविवार को गरज-चमक के साथ वर्षा होने की संभावना है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं तथा कई स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी है।
विभाग ने राज्य के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों को छोड़कर अधिकांश क्षेत्रों में पांच जून तक मौसम के सक्रिय बने रहने का अनुमान व्यक्त किया है। इस अवधि के दौरान कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
पिछले तीन से चार दिनों में राजधानी रांची समेत राज्य के विभिन्न जिलों में अधिकतम तापमान में लगभग 10 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। तापमान में आई इस कमी से लोगों को भीषण गर्मी से काफी राहत मिली है। मौसम में बदलाव के कारण वातावरण सुहावना बना हुआ है।
शनिवार सुबह रांची और आसपास के इलाकों में मूसलाधार बारिश हुई। बारिश के कारण तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। हालांकि, दोपहर बाद मौसम में सुधार हुआ और आसमान साफ हो गया। इसके बावजूद दिनभर बीच-बीच में आंशिक बादल छाए रहे।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान डाल्टनगंज में 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान रांची के नामकुम में 17.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
शनिवार को रांची का अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम 32 डिग्री और न्यूनतम 23.4 डिग्री सेल्सियस, डाल्टनगंज में अधिकतम 34.5 डिग्री और न्यूनतम 23.6 डिग्री सेल्सियस, बोकारो में अधिकतम 34.2 डिग्री और न्यूनतम 21.5 डिग्री सेल्सियस तथा चाईबासा में अधिकतम 33.4 डिग्री और न्यूनतम 22.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की सलाह दी है। विशेष रूप से किसानों और खुले में कार्य करने वाले लोगों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है।
No Comment! Be the first one.