Railway Recruitment 2026: रेलवे भर्ती बोर्ड ने NTPC अंडरग्रेजुएट लेवल के करीब 1,688 पदों पर भर्ती के लिए सांकेतिक अधिसूचना जारी की है। इसमें कमर्शियल कम टिकट क्लर्क, अकाउंट्स क्लर्क कम टाइपिस्ट, जूनियर क्लर्क कम टाइपिस्ट और ट्रेन क्लर्क जैसे पद शामिल हैं
News Saga Desk
रेलवे में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे 12वीं पास युवाओं के लिए बड़ी खबर है। रेलवे भर्ती बोर्ड यानी RRB ने नॉन-टेक्निकल पॉपुलर कैटेगरी, यानी NTPC अंडरग्रेजुएट लेवल के पदों पर भर्ती को लेकर सांकेतिक अधिसूचना जारी की है। इस भर्ती के जरिए करीब 1,688 पदों को भरे जाने की संभावना है। इस भर्ती में कमर्शियल कम टिकट क्लर्क, अकाउंट्स क्लर्क कम टाइपिस्ट, जूनियर क्लर्क कम टाइपिस्ट और ट्रेन क्लर्क जैसे पद शामिल हैं। इन पदों पर नियुक्ति 7वें केंद्रीय वेतन आयोग के तहत पे लेवल-2 और संबंधित पे लेवल के अनुसार की जाएगी।
संभावित शेड्यूल के मुताबिक ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 15 अक्टूबर 2026 से शुरू हो सकती है, जबकि उम्मीदवार 13 नवंबर 2026 रात 11:59 बजे तक आवेदन कर सकेंगे। आयु सीमा सामान्य तौर पर 18 से 30 वर्ष रखी गई है। आयु की गणना 1 जनवरी 2027 के आधार पर की जा सकती है। आरक्षित वर्गों को नियमानुसार आयु में छूट मिलेगी।
शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं यानी 10+2 या समकक्ष परीक्षा पास होना जरूरी है। चयन प्रक्रिया में CBT-1, CBT-2, संबंधित पदों के लिए टाइपिंग स्किल टेस्ट, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल परीक्षा शामिल हो सकती है। आवेदन के दौरान 12वीं की मार्कशीट या प्रमाण पत्र, वैध फोटो पहचान पत्र, हाल की पासपोर्ट साइज फोटो और निर्धारित प्रारूप में हस्ताक्षर जैसे दस्तावेजों की जरूरत होगी।
हालांकि, RRB ने साफ किया है कि फिलहाल यह सिर्फ सांकेतिक नोटिस है। पात्रता, आयु, मेडिकल मानक और चयन प्रक्रिया की अंतिम जानकारी विस्तृत में जारी होगी। इसलिए उम्मीदवार पुरानी भर्ती के नियमों के आधार पर अपनी पात्रता तय न करें और आवेदन से पहले आधिकारिक RRB वेबसाइट की जानकारी जरूर जांचें।
No Comment! Be the first one.