News Saga Desk
पटना:राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव तथा उनकी पत्नी और बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी ने अपने सरकारी आवास पर तैनात सभी सुरक्षाकर्मियों को वापस लौटा दिया है।
राजद नेताओं का आरोप है कि राज्य सरकार ने राजनीतिक दुर्भावना के तहत लालू परिवार की सुरक्षा में कटौती की है। पार्टी का कहना है कि लालू यादव लंबे समय से राष्ट्रीय राजनीति के प्रमुख नेता रहे हैं और उनकी सुरक्षा व्यवस्था में अचानक बदलाव कई सवाल खड़े करता है। सुरक्षा हटाने के विरोध में लालू यादव और राबड़ी देवी ने अपने आवास पर तैनात शेष पुलिसकर्मियों को भी वापस भेजने का निर्णय लिया।
उल्लेखनीय है कि दो दिन पूर्व ही राज्य सरकार ने कई वीआईपी व्यक्तियों की सुरक्षा का पुनर्मूल्यांकन किया था। इसी समीक्षा के आधार पर लालू परिवार के सदस्यों की सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव किया गया। हालांकि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की सुरक्षा में कोई बदलाव नहीं किया गया है। नई व्यवस्था के तहत लालू प्रसाद यादव को पूर्व मुख्यमंत्री होने के नाते निर्धारित सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। इसमें हाउस गार्ड, अंगरक्षक, पायलट वाहन, एस्कॉर्ट और बुलेटप्रूफ वाहन जैसी व्यवस्थाएं शामिल हैं। राबड़ी देवी को भी सुरक्षा कर्मियों, महिला और पुरुष अंगरक्षकों, पायलट तथा एस्कॉर्ट वाहन के साथ बुलेटप्रूफ कार की सुविधा जारी रहेगी। हालांकि पहले की तुलना में सुरक्षा बलों की संख्या कम कर दी गई है।
No Comment! Be the first one.