लोहरदगा में बाईपास निर्माण स्थल पर फायरिंग, दो हाइवा फूंके

NEWS SAGA DESK

लोहरदगा में बाईपास निर्माण स्थल पर अपराधियों ने तीन राउंड फायरिंग कर गार्ड को घायल किया और दो हाइवा में आग लगा दी। पुलिस जांच में जुटी है।

लोहरदगा में बाईपास निर्माण स्थल पर गुरुवार देर रात हथियारबंद अपराधियों ने फायरिंग कर दहशत फैला दी। जिला मुख्यालय से करीब तीन किलोमीटर दूर सदर थाना क्षेत्र के कैमो महुआ टोली गांव के पास निर्माणाधीन पुल के समीप हुई इस वारदात में निर्माण स्थल पर तैनात गार्ड भूषण की बांह में गोली लग गई। हमले के बाद अपराधियों ने वहां खड़े दो हाइवा वाहनों में आग लगा दी और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी है और निर्माण कार्य से जुड़े कर्मचारियों में भय का माहौल बना हुआ है।

लोहरदगा में बाईपास निर्माण

कैसे दिया गया वारदात को अंजाम

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दो हथियारबंद अपराधी मुख्य सड़क से करीब डेढ़ किलोमीटर पैदल चलकर लोहरदगा में बाईपास निर्माण स्थल तक पहुंचे थे। उस समय एजेंसी के कर्मचारी राजकुमार यादव पिकअप वाहन में सो रहे थे। अपराधियों ने उन्हें जगाया और तत्काल वहां से चले जाने को कहा।

बताया गया है कि इसके बाद अपराधियों ने राजकुमार यादव को निशाना बनाकर दो राउंड फायरिंग की। हालांकि वह किसी तरह खुद को बचाने में सफल रहे। इसके बाद अपराधियों ने निर्माण स्थल पर मौजूद गार्ड भूषण पर एक राउंड गोली चलाई। गोली उनकी बांह में लगी, जिससे वह घायल हो गए।

फायरिंग के बाद अपराधियों ने निर्माण स्थल पर खड़े दो हाइवा वाहनों में आग लगा दी। वाहनों को आग के हवाले करने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पूरी घटना ने निर्माण स्थल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

घायल गार्ड रिम्स रेफर

गोली लगने के बाद घायल गार्ड भूषण को तत्काल लोहरदगा सदर अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया। उपलब्ध जानकारी के अनुसार उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

घटना के बाद निर्माण कार्य में लगे कर्मचारियों और आसपास के लोगों में डर का माहौल है। निर्माण स्थल पर रात के समय सुरक्षा को लेकर कर्मचारियों के बीच चिंता बढ़ गई है। लोहरदगा में बाईपास निर्माण स्थल पर हुई इस घटना से काम की सुरक्षा और भविष्य में निर्माण गतिविधियों की निरंतरता पर भी असर पड़ने की आशंका है।

पुलिस ने घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी रत्नेश मोहन ठाकुर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने निर्माण स्थल पर मौजूद कर्मचारियों और अन्य लोगों से पूछताछ की तथा मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अपराधी पैदल ही निर्माण स्थल तक पहुंचे थे और उनके पास देसी कट्टा था। पुलिस अब उनकी पहचान करने के साथ गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। संभावित ठिकानों पर छापेमारी किए जाने की जानकारी भी सामने आई है।

Read More News

Read More