News Saga Desk
धनबाद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। अपराध के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के तहत धनबाद पुलिस बड़ी गिरफ़्तारी की है। लम्बे समय से फरार अपराधी प्रिंस खान के करीबी गुर्गे शैफी उर्फ मेजर को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी को दुबई के अजमान से पकड़ा गया, जिसके बाद उसे भारत लाया गया। फिलहाल कोलकाता एयरपोर्ट पर उससे पूछताछ की जा रही है।
धनबाद पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है। शैफी उर्फ मेजर लंबे समय से फरार चल रहा था और गैंग के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहा था। पुलिस के अनुसार, वह प्रिंस खान के निर्देश पर लोगों को धमकी भरे ऑडियो और वीडियो भेजता था, जिससे इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश की जाती थी।
लगातार पुलिस कार्रवाई के कारण पहले ही कमजोर पड़ चुके प्रिंस खान गिरोह को इस गिरफ्तारी से बड़ा झटका लगा है। विशेषज्ञों का मानना है कि शैफी की गिरफ्तारी से गिरोह के नेटवर्क और गतिविधियों से जुड़ी कई अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं। इस मामले में खास बात यह है कि आरोपी को दुबई के अजमान से पकड़ा गया है, जो पुलिस की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर समन्वित कार्रवाई को दर्शाता है। इससे साफ है कि कानून से बचने के लिए विदेश भागे अपराधियों पर भी शिकंजा कसने की रणनीति तेज की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, शैफी की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस का अगला टारगेट खुद प्रिंस खान है। माना जा रहा है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार किया जा सकता है, क्योंकि पुलिस लगातार उसके नेटवर्क को तोड़ने में लगी हुई है। पुलिस शैफी से पूछताछ कर रही है और यह जानने की कोशिश की जा रही है कि गिरोह के अन्य सदस्य कहां सक्रिय हैं। साथ ही, धमकी और रंगदारी से जुड़े मामलों में भी कई बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। धनबाद पुलिस की यह कार्रवाई अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता के रूप में देखी जा रही है। प्रिंस खान गैंग पर लगातार बढ़ते दबाव से यह साफ है कि आने वाले दिनों में इस गिरोह का पूरी तरह सफाया किया जा सकता है।
No Comment! Be the first one.