मुजफ्फरपुर के निजी अस्पताल के ICU में भीषण आग, पांच मरीजों की मौत

NEWS SAGA DESK
मुजफ्फरपुर :
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के ब्रह्मपुरा इलाके स्थित प्रसाद हॉस्पिटल के आईसीयू वार्ड में देर रात भीषण आग लगने से पांच मरीजों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक मरीज झुलस गए। हादसे के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और मरीजों के परिजनों में चीख-पुकार मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आईसीयू से अचानक धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। इसके बाद अस्पताल कर्मियों और स्थानीय लोगों ने खिड़कियां तोड़कर मरीजों को बाहर निकाला। समय रहते किए गए राहत एवं बचाव कार्य से कई लोगों की जान बचाई जा सकी।

मृतकों में मीनापुर थाना क्षेत्र के गौरिगामा गांव निवासी कृष्णनंदन प्रसाद सिंह (76), कथैया थाना क्षेत्र के दिस्टोलिया गांव निवासी गीता देवी (62), औराई थाना क्षेत्र के रतनपुर गांव निवासी तथा वर्तमान में अहियापुर के नेवालाल चौक निवासी शशांक (30), शिवहर जिले के तरियानी छपरा थाना क्षेत्र के विशम्भरपुर गांव निवासी उदय कुमार (57) समेत एक अन्य व्यक्ति शामिल है।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की आठ गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अग्निशमन पदाधिकारी आर.एन. पांडेय ने बताया कि सुबह करीब तीन बजे आग लगने की सूचना मिली थी। उस समय आईसीयू वार्ड में काफी धुआं भरा हुआ था। 20 से अधिक मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की। झुलसे मरीजों को मुजफ्फरपुर के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जिला प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। प्रशासन मृतकों की पहचान, नुकसान के आकलन और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच में जुटा हुआ है। इस घटना के बाद अस्पतालों की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

Read More News

जामताड़ा में बड़ा हादसा: मवेशी चोरी कर भाग रही बोलेरो पलटी, 2 युवकों की मौत, 3 बैलों ने भी तोड़ा दम

जामताड़ा के करमाटांड़ में मवेशी चोरी कर भाग रही बोलेरो पलटने से दो युवकों और तीन बैलों की मौत हो...

संथाली फिल्म ‘आंगेन’ के लिए रवि राज मुर्मू को राष्ट्रीय पुरस्कार, रांची एयरपोर्ट पर जोरदार स्वागत

जादूगोड़ा के युवा फिल्मकार रवि राज मुर्मू को संथाली शॉर्ट फिल्म ‘आंगेन’ के लिए बेस्ट डेब्यू...

Read More