नरेंद्र मोदी के सरकार प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे होने पर केंद्रीय कैबिनेट ने विशेष अभिनंदन प्रस्ताव पारित किया। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सरकार की प्रमुख उपलब्धियों को रेखांकित किया।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक, सरकार प्रमुख (Head of Government) के रूप में लगातार 25 वर्ष पूरे करने के ऐतिहासिक अवसर पर केंद्रीय मंत्रिमंडल ने उनके अभिनंदन में एक विशेष प्रस्ताव पारित किया है। उल्लेखनीय है कि 07 अक्टूबर 2001 को पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने वाले नरेंद्र मोदी 07 अक्टूबर 2026 को सार्वजनिक सेवा में सरकार के प्रमुख के रूप में अपने सफल 25 वर्ष पूरे कर रहे हैं।

लोकतंत्र की शक्ति का प्रमाण: अश्विनी वैष्णव केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंगलवार को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय मीडिया केंद्र में आयोजित एक पत्रकार वार्ता में इस निर्णय की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की 25 वर्षों की निरंतर सेवा भारतीय लोकतंत्र की अपार शक्ति और उसकी जीवंतता का प्रत्यक्ष प्रमाण है।
अश्विनी वैष्णव ने कहा कि एक साधारण परिवार से निकले व्यक्ति का संपूर्ण जीवन देश सेवा के लिए समर्पित होना और जनता द्वारा उन्हें लगातार अपना अटूट समर्थन देना भारतीय लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती को दर्शाता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को मिला यह जनसमर्थन उनकी स्पष्ट कार्यपद्धति, पारदर्शी नीतियों और राष्ट्र निर्माण की नीयत का परिणाम है।
गुजरात से केंद्र तक ऐतिहासिक जनादेश केंद्रीय मंत्री ने रेखांकित किया कि गुजरात में लगातार तीन बार मिला प्रचंड जनादेश और फिर देश के प्रधानमंत्री के रूप में लगातार तीन लोकसभा चुनावों में हासिल ऐतिहासिक जनसमर्थन इसी अटूट विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इन 25 वर्षों के दौरान प्रधानमंत्री ने विकास की सोच को राज्य स्तर से आगे बढ़ाकर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पटल पर विस्तारित किया है।
कैबिनेट प्रस्ताव की प्रमुख विशेषताएं कैबिनेट द्वारा पारित प्रस्ताव की प्रमुख बातों को साझा करते हुए केंद्रीय मंत्री ने बताया कि इसमें सरकार के विभिन्न सेवा आयामों को विशेष रूप से रेखांकित किया गया है:
- संवेदनशीलता और सशक्तीकरण: 25 करोड़ से अधिक लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकालना।
- साहसिक और निर्णायक निर्णय: वस्तु एवं सेवा कर (GST) का सफल कार्यान्वयन और अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को समाप्त करना।
- आत्मनिर्भर भारत और प्रौद्योगिकी: तकनीक को आम नागरिकों की सुविधा का माध्यम बनाना और भारत को विनिर्माण व नवाचार का केंद्र बनाना।
- सुरक्षा और वैश्विक पहचान: देश की आंतरिक व बाहरी सुरक्षा को अभेद्य बनाना और वैश्विक मंचों पर भारत को एक विश्वसनीय व मजबूत आवाज के रूप में स्थापित करना।
अंत में मंत्री ने कहा कि तीव्र विकास के साथ-साथ देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संजोना और नागरिकों में जिम्मेदारी की भावना जगाना प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक नेतृत्व की सबसे प्रमुख विशेषता रही है।
No Comment! Be the first one.