खान सर कोचिंग विवाद में नया ट्विस्ट, फायरिंग का वीडियो आया सामने, गार्ड्स को पुलिस ने लिया हिरासत में

रौशन आनंद की गिरफ्तारी के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उठाए सवाल, निष्पक्ष जांच और खान सर पर कार्रवाई की मांग।

पटना के चर्चित शिक्षक खान सर के कोचिंग सेंटर पर हुए कथित हमले के मामले में नया मोड़ आ गया है। ज्ञान बिंदु कोचिंग की टीम ने एक वीडियो जारी कर दावा किया है कि हवाई फायरिंग खान सर के ही गार्ड ने की थी और यह घटना सुनियोजित थी। वीडियो सामने आने के बाद पटना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खान सर की कोचिंग के दो सुरक्षा गार्डों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

News Saga Desk

पटना के चर्चित कोचिंग संचालक और यूट्यूबर खान सर के कोचिंग सेंटर पर कथित हमले का मामला अब नया मोड़ लेता नजर आ रहा है। मामले में उस समय बड़ा ट्विस्ट आया, जब कोचिंग सेंटर के बाहर फायरिंग का एक वीडियो सामने आया। दावा किया जा रहा है कि वीडियो में फायरिंग करने वाला शख्स खान सर का ही बॉडीगार्ड है।

वीडियो सामने आने के बाद पटना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खान सर की कोचिंग से जुड़े दो सुरक्षा गार्डों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। गौरतलब है कि मंगलवार रात खान सर के कोचिंग सेंटर पर हमले की खबर सामने आई थी। उस समय खान सर ने दावा किया था कि कोचिंग सेंटर के बाहर कई राउंड फायरिंग हुई थी और घटना में एक गार्ड घायल हो गया था।

हालांकि शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने इसे फायरिंग नहीं बल्कि मारपीट का मामला बताया था। इसके बाद बुधवार को खान सर भी अपने पहले बयान से पीछे हटते नजर आए। इस बीच जब फायरिंग का वीडियो सार्वजनिक हुआ, तो मामले ने नया राजनीतिक और कानूनी मोड़ ले लिया। दिलचस्प बात यह है कि इस मामले में दर्ज एफआईआर में फायरिंग का कोई उल्लेख नहीं किया गया था। कोचिंग प्रबंधन से जुड़े कन्हैया सिंह की शिकायत पर चार नामजद और 15 से 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रौशन आनंद समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया, जिन्हें बाद में कोर्ट ने न्यायिक हिरासत में बेऊर जेल भेज दिया। वहीं, रौशन आनंद लगातार खुद को निर्दोष बताते हुए साजिश के तहत फंसाए जाने का आरोप लगा रहे हैं। अब गुरुवार को ज्ञान बिंदु कोचिंग टीम के आदर्श कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर फायरिंग का कथित वीडियो जारी किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कोचिंग सेंटर के बाहर हवाई फायरिंग खान सर के गार्ड द्वारा करवाई गई और यह पूरी घटना पहले से सुनियोजित थी।

आदर्श कुमार का दावा है कि वीडियो में कहीं भी रौशन आनंद दिखाई नहीं दे रहे हैं, फिर भी उनकी गिरफ्तारी की गई। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और खान सर के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। फायरिंग का वीडियो सामने आने के बाद कई सवाल खड़े हो गए हैं, जिनके जवाब अब जांच के बाद ही सामने आ पाएंगे।

Read More News

खान सर कोचिंग विवाद में नया ट्विस्ट, फायरिंग का वीडियो आया सामने, गार्ड्स को पुलिस ने लिया हिरासत में

पटना के चर्चित कोचिंग संचालक और यूट्यूबर खान सर के कोचिंग सेंटर पर कथित हमले का मामला अब नया मोड़...

Read More