News Saga Desk
हजारीबाग: शहर में पिछले कुछ घंटों से पेट्रोल और डीजल की किल्लत ने गंभीर रूप ले लिया है। स्थिति इतनी खराब हो गई है कि शहर के अधिकांश पेट्रोल पंपों पर ‘नो स्टॉक’ के बोर्ड लगा दिए गए हैं, जिससे परिवहन व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है। सबसे अधिक दिक्कत कारगिल पेट्रोल पंप और आसपास के इलाकों में देखने को मिल रही है, जहां ईंधन के लिए वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतारें लगी हुई हैं। लोग सुबह से ही अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं।
रविवार सुबह से ही शहर के अलग-अलग हिस्सों में अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है। भीषण गर्मी के बीच लोग घंटों लाइन में खड़े रहने को मजबूर हैं। कई जगहों पर वाहन चालकों को अपनी गाड़ियां धक्का मारकर पेट्रोल पंप तक ले जाना पड़ा, क्योंकि रास्ते में ही ईंधन खत्म हो गया।
स्थानीय निवासी राजेश कुमार ने बताया
“मैं पिछले तीन घंटे से लाइन में हूं, लेकिन अब पंप कर्मी कह रहे हैं कि स्टॉक खत्म होने वाला है। समझ नहीं आता कि काम पर जाएं या तेल के लिए लाइन में लगें।” बताया जा रहा है कि रविवार सुबह से ही शहर के अधिकांश पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल खत्म हो गया है, जिसके बाद ‘नो स्टॉक’ का नोटिस चस्पा कर दिया गया है। फिलहाल प्रशासन या तेल कंपनियों की ओर से इस संकट को लेकर कोई स्पष्ट बयान सामने नहीं आया है, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।
No Comment! Be the first one.