झारखंड के 20 जिलों में बारिश-वज्रपात का अलर्ट, मौसम विभाग की चेतावनी

News Saga Desk

झारखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राज्य के करीब 20 जिलों में बारिश, तेज आंधी और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार 27 मई 2026 को राज्य के कई हिस्सों में तेज गर्जना के साथ बारिश हो सकती है, वहीं 65 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक रांची, बोकारो, धनबाद, रामगढ़, गिरिडीह, देवघर, दुमका, जामताड़ा, साहेबगंज, हजारीबाग, पूर्वी सिंहभूम समेत कई जिलों में वज्रपात और तेज बारिश की चेतावनी जारी की गई है। कुछ इलाकों में अचानक मौसम बदलने और आंधी के साथ बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है।

बीते कुछ दिनों से राज्य में भीषण गर्मी और हीटवेव जैसी स्थिति बनी हुई थी। अब प्री-मानसून गतिविधियों के सक्रिय होने से लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। खासकर खुले मैदान, पेड़ के नीचे और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है। किसानों और ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों को भी विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती परिसंचरण और दक्षिण बिहार-झारखंड क्षेत्र में सक्रिय मौसमी सिस्टम के कारण मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। इसके प्रभाव से अगले 24 से 48 घंटों तक राज्य के कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है।

प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम विभाग की आधिकारिक चेतावनियों पर नजर बनाए रखने की अपील की है। बिजली चमकने के दौरान मोबाइल फोन के इस्तेमाल और खुले स्थानों में रहने से बचने की सलाह भी दी गई है।

Read More News

Read More