Ranchi Murder Case: रांची के धुर्वा स्थित टेस्टी अंदाज रेस्टोरेंट में कर्मचारी की चाकू मारकर हत्या। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर खून लगा चाकू बरामद किया।
News Saga Desk
रांची: राजधानी रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र स्थित जेपी मार्केट में टेस्टी अंदाज रेस्टोरेंट के कर्मचारी की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटनास्थल से खून लगा चाकू भी बरामद किया गया है।
रांची के नगर पुलिस अधीक्षक पारस राणा ने बुधवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि मंगलवार रात करीब 9:40 बजे जेपी मार्केट स्थित टेस्टी अंदाज रेस्टोरेंट में एक ग्राहक ने कर्मचारी पर चाकू से हमला कर दिया था। आरोपी ने कर्मचारी के गाल पर चाकू से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद घायल कर्मचारी को तत्काल नजदीकी पारस अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि, गंभीर चोट लगने के कारण रात करीब 11 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपी की हुई पहचान
नगर पुलिस अधीक्षक पारस राणा ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस ने रेस्टोरेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज से पता चला कि रेस्टोरेंट में आए एक ग्राहक ने वारदात को अंजाम दिया था।
इसके बाद पुलिस की अलग-अलग टीमों ने सक्रियता दिखाते हुए आरोपी की पहचान की और उसे गिरफ्तार कर लिया।
घटनास्थल से खून लगा चाकू बरामद
पुलिस ने घटनास्थल से खून लगा चाकू बरामद किया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा करने का दावा किया है।
No Comment! Be the first one.