NEWS SAGA DESK
रांची:– राज्य के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल रिम्स में कार्यरत कर्मचारियों का वेतन पिछले लगभग तीन महीनों से लंबित रहने के कारण असंतोष बढ़ता जा रहा है। वेतन भुगतान में हो रही देरी से नाराज डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ, पैरामेडिकल कर्मी और अन्य कर्मचारियों ने शनिवार को बड़ी संख्या में वित्त निदेशक कार्यालय का घेराव किया और जल्द वेतन भुगतान की मांग की।
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से वेतन नहीं मिलने के कारण उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। घर-परिवार का खर्च चलाने, बच्चों की पढ़ाई और दैनिक जरूरतों को पूरा करने में उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
कर्मचारियों के अनुसार, रिम्स में कार्यरत करीब 1500 कर्मियों को अब तक वेतन का भुगतान नहीं किया गया है। इस संबंध में कई बार प्रबंधन का ध्यान आकृष्ट कराया गया, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है।
आंदोलनरत कर्मचारियों ने रिम्स प्रबंधन से लंबित वेतन का तत्काल भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि वे लगातार अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं और मरीजों की सेवा में लगे हुए हैं, लेकिन समय पर वेतन नहीं मिलने से उनका मनोबल प्रभावित हो रहा है।
कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर उनके लंबित वेतन का भुगतान नहीं किया गया, तो वे हड़ताल पर जाने के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं भी प्रभावित हो सकती हैं, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रबंधन की होगी।
फिलहाल कर्मचारियों की मांगों को लेकर रिम्स प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं, वेतन भुगतान को लेकर कर्मचारियों में नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है।
No Comment! Be the first one.