TRE-4 भर्ती को लेकर पटना में बवाल: शिक्षक अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज, नए शिक्षा मंत्री ने दिया बड़ा भरोसा

News Saga Desk

Patna में BPSC TRE-4 शिक्षक भर्ती को लेकर अभ्यर्थियों का गुस्सा शुक्रवार को सड़कों पर फूट पड़ा। सम्राट सरकार के कैबिनेट विस्तार के अगले ही दिन एक ओर नए शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने शिक्षा व्यवस्था में बड़े बदलाव और लंबित भर्तियों को तेजी से पूरा करने का भरोसा दिया, वहीं दूसरी ओर TRE-4 भर्ती विज्ञापन जारी करने की मांग को लेकर हजारों अभ्यर्थी सड़क पर उतर आए।

स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई जब प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों और पुलिस के बीच टकराव हुआ और पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया।

नए शिक्षा मंत्री बोले- विभाग में अब कुछ नहीं फंसेगा

शुक्रवार को नए शिक्षा मंत्री Mithilesh Tiwari ने पदभार ग्रहण करने के बाद अधिकारियों के साथ पहली बैठक की। इस दौरान उन्होंने साफ कहा कि शिक्षा विभाग में लंबित फाइलों और भर्ती प्रक्रियाओं को अब रोका नहीं जाएगा।

उन्होंने कहा कि वह स्वयं शिक्षक रह चुके हैं, इसलिए शिक्षकों और अभ्यर्थियों की समस्याओं को अच्छी तरह समझते हैं। मंत्री ने संकेत दिया कि TRE-4 भर्ती प्रक्रिया को लेकर जल्द बैठक होगी और अभ्यर्थियों की समस्याओं का समाधान निकाला जाएगा।

मिथिलेश तिवारी ने विभाग में ‘सिंगल विंडो सिस्टम’ लागू करने की भी बात कही ताकि फाइलें महीनों तक लंबित न रहें और तय समय सीमा में काम पूरा हो सके।

TRE-4 अभ्यर्थियों का फूटा गुस्सा

शिक्षा मंत्री के आश्वासन के बीच लंबे समय से भर्ती विज्ञापन का इंतजार कर रहे TRE-4 अभ्यर्थियों का गुस्सा सड़कों पर दिखाई दिया। हजारों की संख्या में अभ्यर्थी पटना कॉलेज पहुंचे, जहां से विरोध मार्च निकाला गया।

प्रदर्शनकारी मुख्यमंत्री आवास तक मार्च करना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में रोक दिया। अभ्यर्थियों की मांग थी कि TRE-4 भर्ती का विज्ञापन जल्द जारी किया जाए। इसके अलावा छात्र नई नियमावली को वापस लेने की भी मांग कर रहे थे।

“हमारा भविष्य अधर में लटका”

आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों का कहना है कि सरकार लगातार शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में देरी कर रही है, जिससे बिहार के युवाओं का भविष्य अधर में लटक गया है। छात्रों ने आरोप लगाया कि लंबे समय से भर्ती विज्ञापन का इंतजार किया जा रहा है, लेकिन अब तक सरकार की ओर से कोई स्पष्ट घोषणा नहीं की गई।

जेपी गोलंबर पर पुलिस से टकराव

प्रदर्शनकारी जब बाकरगंज होते हुए जेपी गोलंबर की ओर बढ़े, तो वहां पहले से भारी पुलिस बल तैनात था। पुलिस द्वारा आगे बढ़ने से रोकने पर अभ्यर्थियों और पुलिस के बीच नोकझोंक और धक्का-मुक्की शुरू हो गई।

स्थिति बिगड़ने के बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिसमें कई अभ्यर्थी घायल हो गए। महिला अभ्यर्थियों के भी चोटिल होने की खबर है। मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया और कई छात्रों को हिरासत में भी लिया गया।

नई नियमावली का भी विरोध

TRE-4 अभ्यर्थियों का विरोध केवल भर्ती विज्ञापन तक सीमित नहीं है। छात्र BPSC की नई नियमावली का भी विरोध कर रहे हैं।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे छात्र नेता दिलीप ने कहा कि नई व्यवस्था कई उम्मीदवारों के हितों के खिलाफ है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द फैसला नहीं लिया तो आंदोलन और बड़ा किया जाएगा।

सरकार पर बढ़ा दबाव

सम्राट सरकार के कैबिनेट विस्तार के तुरंत बाद शिक्षा विभाग सबसे ज्यादा चर्चा में आ गया है। एक तरफ नए शिक्षा मंत्री तेजी और सुधार का संदेश दे रहे हैं, तो दूसरी तरफ सड़क पर उतरे अभ्यर्थी सरकार की तैयारी और मंशा पर सवाल खड़े कर रहे हैं।

अब सबकी नजर इस बात पर है कि सरकार TRE-4 भर्ती को लेकर कितनी जल्दी फैसला लेती है और क्या नए शिक्षा मंत्री का “अब कुछ नहीं फंसेगा” वाला दावा जमीन पर उतर पाता है या नहीं।

Read More News

दुमका में पंचायत प्रज्ञा केंद्र संचालकों का प्रदर्शन, लंबित मांगों को लेकर उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन

Dumka जिला मुख्यालय स्थित पुराने समाहरणालय परिसर में शुक्रवार को पंचायत प्रज्ञा केंद्र संचालकों ने...

किशनगंज भवन निर्माण विभाग में फिर उठा टेंडर मैनेज का मामला, कार्य पूरा होने के बाद निकली निविदा पर सवाल

Kishanganj जिले के भवन निर्माण विभाग में एक बार फिर टेंडर प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए...

Read More