News Saga Desk
राजधानी पटना स्थित मुख्यमंत्री सचिवालय के संवाद सभागार में आयोजित “Birsa Lives in New Bharat” सप्ताह के तहत मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना से लाभान्वित जनजातीय समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि शिक्षा, अवसर और समानता के जरिए जनजातीय समाज को सशक्त बनाने के लिए राज्य सरकार लगातार काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार केवल शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि जनजातीय क्षेत्रों के समग्र विकास पर भी विशेष ध्यान दे रही है। इसी कड़ी में जनजातीय इलाकों में मैराथन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें विजेताओं को एक लाख, पचहत्तर हजार और पचास हजार रुपये तक के पुरस्कार दिए जाएंगे।
इसके अलावा वाल्मीकिनगर और कैमूर में हेलीपोर्ट निर्माण के जरिए इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने की योजना पर भी तेजी से काम किया जा रहा है। वहीं आदिवासी क्षेत्रों में होम-स्टे को प्रोत्साहित कर पर्यटन और जनजातीय संस्कृति दोनों को मजबूत करने की दिशा में सरकार कदम उठा रही है।
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना से अब तक एक लाख चार हजार से अधिक एससी-एसटी छात्र-छात्राएं लाभान्वित हुए हैं। वहीं प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के तहत बीस लाख से अधिक विद्यार्थियों को लाभ मिला है, जिनमें बड़ी संख्या जनजातीय समाज के छात्रों की है।
उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज के सम्मान, शिक्षा और विकास के लिए राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
No Comment! Be the first one.