झारखंड में भीषण गर्मी: स्कूल समय में बदलाव या अवकाश की मांग तेज

News Saga Desk

रांची सहित पूरे झारखंड में लगातार बढ़ती गर्मी और लू के प्रकोप ने अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है। इसी को लेकर झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन ने स्कूलों के समय में बदलाव या अस्थायी अवकाश घोषित करने की मांग की है। एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय राय ने शिक्षा सचिव को ज्ञापन सौंपकर इस दिशा में तत्काल कदम उठाने की अपील की है। उनका कहना है कि राज्य के अधिकांश जिलों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है, जिसका असर आम जनजीवन के साथ-साथ स्कूली बच्चों पर भी साफ दिखाई दे रहा है।

उन्होंने बताया कि भीषण गर्मी के कारण बच्चों में डिहाइड्रेशन, चक्कर आना और अत्यधिक थकान जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं, जिससे अभिभावकों की चिंता स्वाभाविक रूप से बढ़ गई है। पेरेंट्स एसोसिएशन ने सुझाव दिया है कि स्कूलों का समय तत्काल प्रभाव से बदलकर सुबह 6:30 बजे से 10:30 बजे तक किया जाए, ताकि बच्चे तेज धूप और लू से बच सकें। इसके अलावा, जिन इलाकों में गर्मी का प्रकोप अधिक है, वहां कुछ दिनों के लिए स्कूलों में अवकाश घोषित करने की भी मांग की गई है।

एसोसिएशन ने इस संबंध में ज्ञापन की प्रतिलिपि राज्य के शिक्षा मंत्री और रांची उपायुक्त को भी भेजी है। उनका कहना है कि सरकार को इस मुद्दे पर संवेदनशीलता दिखाते हुए जल्द निर्णय लेना चाहिए।

लगातार बढ़ती गर्मी को देखते हुए अभिभावकों का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सर्वोपरि है, और इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए। झारखंड में गर्मी की गंभीर स्थिति को देखते हुए यह मांग सरकार के लिए एक अहम संकेत मानी जा रही है कि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि बच्चों को राहत मिल सके और उनकी सेहत सुरक्षित रह सके।

Read More News

केंद्र सरकार की मंशा पर कांग्रेस ने उठाया सवाल, कहा इसी लिए नहीं दिया महिला आरक्षण बिल को समर्थन

राजधानी रांची स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पार्टी प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश कांग्रेस...

Read More