सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई एक लाख का इनामी नक्सली ढेर, जंगल में हथियारों का जखीरा बरामद

News Saga Desk

पश्चिमी सिंहभूम जिला के टोंटो थाना क्षेत्र स्थित रूटुगुटू जंगल में बुधवार को सुरक्षाबलों ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक लाख रुपये के इनामी नक्सली इसराइल पूर्ति उर्फ अमृत को मुठभेड़ में मार गिराया। यह कार्रवाई Central Reserve Police Force (सीआरपीएफ) की कोबरा बटालियन और जिला पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान की गई।

मुठभेड़ के दौरान सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के एक सुरक्षित ठिकाने को भी ध्वस्त कर दिया। साथ ही मौके से भारी मात्रा में हथियार और नक्सली सामग्री बरामद की गई है। सुरक्षा एजेंसियां इसे कोल्हान क्षेत्र में सक्रिय नक्सल नेटवर्क के खिलाफ बड़ा प्रहार मान रही हैं।

पुलिस के अनुसार, 24 अप्रैल की रात गोइलकेरा थाना क्षेत्र के दुगुनिया गांव में नक्सलियों ने पुलिस मुखबिरी के आरोप में पूर्व नक्सली रमेश चांपिया उर्फ चांबरा की हत्या कर दी थी। इस घटना के बाद सागेन अंगरिया के नेतृत्व में नक्सली दस्ता कोल्हान के जंगलों में छिप गया था।

घटना के बाद मिली खुफिया सूचना के आधार पर सुरक्षाबलों ने गोइलकेरा और टोंटो इलाकों में व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू किया। लगातार चल रहे कॉम्बिंग अभियान के दौरान बुधवार तड़के रूटुगुटू जंगल में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच आमना-सामना हो गया।

करीब 45 मिनट तक चली मुठभेड़ में दोनों ओर से लगातार फायरिंग हुई, जिसमें इसराइल पूर्ति मारा गया। वहीं, सुरक्षाबलों का दबाव बढ़ता देख अन्य नक्सली घने जंगलों का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।

मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके में सघन सर्च अभियान चलाया गया, जिसमें हथियारों और अन्य नक्सली सामग्री की बरामदगी हुई है। सुरक्षा बल फिलहाल इलाके में ऑपरेशन जारी रखे हुए हैं।

Read More News

Read More