खूंटी में उग्रवादियों का तांडव, मशीन में लगाई आग और की फायरिंग,PLFI पर्चा बरामद

News Saga Desk

झारखंड के खूंटी जिले में उग्रवादियों ने एक बार फिर दहशत फैलाने की कोशिश की है। कर्रा क्षेत्र में निर्माण कार्य स्थल पर बीती रात हथियारबंद उग्रवादियों के दस्ते ने हमला कर कई राउंड फायरिंग की और निर्माण कार्य में लगी मशीन में आग लगा दी। घटना के बाद इलाके में भय का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, देर रात उग्रवादी निर्माण कार्य साइडिंग पर पहुंचे और वहां मौजूद मशीनों को निशाना बनाया। इस दौरान उग्रवादियों ने कई राउंड फायरिंग कर दहशत फैलाने की कोशिश की। इसके बाद निर्माण कार्य में लगी एक मशीन में आग लगा दी गई। हालांकि आग से मशीन आंशिक रूप से ही क्षतिग्रस्त हुई है।

सूत्रों के मुताबिक घटनास्थल से पीएलएफआई (PLFI) के नाम का एक पर्चा भी बरामद हुआ है। पर्चे में संगठन के सदस्य अमृत होरो ने घटना की जिम्मेदारी ली है। पर्चे में कहा गया है कि संगठन से बातचीत किए बिना निर्माण कार्य कराए जाने के कारण इस घटना को अंजाम दिया गया।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके में सर्च अभियान शुरू कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और उग्रवादियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। इस घटना के बाद निर्माण कार्य से जुड़े लोगों में दहशत का माहौल है। वहीं सुरक्षा एजेंसियां इलाके में उग्रवादी गतिविधियों को लेकर सतर्क हो गई हैं।

Read More News

Read More