शहजाद अली हत्याकांड: चार और आरोपी गिरफ्तार, डायल-112 के पुलिस पदाधिकारी निलंबित

News Saga Desk

शहजाद अली हत्याकांड में 4 और गिरफ्तार, डायल-112 के पुलिस पदाधिकारी निलंबित

सिवान के बड़हरिया थाना क्षेत्र के शिवराजपुर गांव में हुए चर्चित शहजाद अली हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसआईटी ने मामले में चार और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिससे कुल गिरफ्तार आरोपियों की संख्या पांच हो गई है। वहीं मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में डायल-112 पर तैनात पुलिस पदाधिकारी को निलंबित कर दिया गया है। दो गृहरक्षकों के अनुबंध समाप्त करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है और दोषियों को स्पीडी ट्रायल के माध्यम से कड़ी सजा दिलाई जाएगी।

सिवान: बड़हरिया थाना क्षेत्र के शिवराजपुर गांव में हुए चर्चित शहजाद अली हत्याकांड में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। विशेष जांच दल (एसआईटी) ने मामले में संलिप्त चार अन्य आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही इस मामले में अब तक कुल पांच अभियुक्तों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

पुलिस के अनुसार, 30 मई 2026 को शिवराजपुर गांव निवासी शहजाद अली की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-1 तथा एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू की।

इस मामले में बड़हरिया थाना कांड संख्या 230/26 दर्ज करते हुए सात नामजद समेत अन्य अज्ञात लोगों को आरोपित बनाया गया था। कांड के त्वरित उद्भेदन के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-1 के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया।

जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने पहले एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा था। आगे की कार्रवाई में चार अन्य आरोपितों की संलिप्तता सामने आने पर उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और सभी दोषियों के खिलाफ स्पीडी ट्रायल के माध्यम से कठोर सजा सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।

डायल-112 के पुलिस पदाधिकारी निलंबित

मामले की समीक्षा के बाद सिवान पुलिस ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई भी की है। पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने डायल-112 पर तैनात पुलिस पदाधिकारी पु.अ.नि. संजीव कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है, जबकि ड्यूटी पर तैनात दो गृहरक्षकों के अनुबंध समाप्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

एसपी ने बताया कि 30 मई को डायल-112 को सूचना मिली थी कि शिवराजपुर गांव में एक कथित चोर को ग्रामीणों ने पकड़ रखा है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन युवक को भीड़ के कब्जे से मुक्त कर सुरक्षित अभिरक्षा में लेने और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने के बजाय वापस लौट गई।

पुलिस के अनुसार, इसके बाद भीड़ ने युवक शहजाद अली के साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में पुलिस पदाधिकारी की ओर से कर्तव्य निर्वहन में गंभीर लापरवाही, अनुशासनहीनता और पुलिस दायित्वों के पालन में चूक सामने आई है।

इसी आधार पर पु.अ.नि. संजीव कुमार को निलंबित कर उनका मुख्यालय पुलिस केंद्र, सिवान निर्धारित किया गया है। वहीं डायल-112 में तैनात गृहरक्षक नंदजी यादव और मुक्तिनाथ के विरुद्ध अनुबंध निरस्तीकरण की कार्रवाई के लिए जिला पदाधिकारी को प्रतिवेदन भेजा गया है। इसके अलावा बड़हरिया थानाध्यक्ष छोटन कुमार से भी 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है।

एसपी पूरन कुमार झा ने कहा कि कर्तव्य के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही, शिथिलता या अनुशासनहीनता को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Read More News

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के झारखंड दौरे की तैयारियां तेज, प्रदेश कार्यालय में हुई समीक्षा बैठक

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के छह और सात जून को प्रस्तावित दो दिवसीय झारखंड...

Read More