भारत-नेपाल सीमा पर SSB की महाकार्रवाई: 1733 किलो गांजा जब्त, 7 करोड़ की खेप छोड़ भागे तस्कर

बिहार के सुपौल में 45वीं वाहिनी वीरपुर SSB का बड़ा एक्शन नेपाली गाड़ी से सुरक्षाबलों को कुचलने की कोशिश नाकाम, तस्करों की तलाश तेज।

बिहार के सुपौल जिले में भारत-नेपाल सीमा पर सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने नशीले पदार्थों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। खुफिया इनपुट के आधार पर 45वीं वाहिनी वीरपुर के जवानों ने दत्ता टोला क्षेत्र में घेराबंदी कर एक संदिग्ध नेपाली बोलेरो कैंपर से 1733.6 किलोग्राम (करीब 1.7 टन) उच्च गुणवत्ता वाला गांजा बरामद किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 6 करोड़ 93 लाख रुपये आंकी गई है। चेकिंग के दौरान तस्करों ने जवानों पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

News Saga Desk

सुपौल। भारत-नेपाल सीमा से सटे सुपौल जिले के वीरपुर अनुमंडल क्षेत्र में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 1733.6 किलोग्राम गांजा बरामद किया है।

जब्त गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 6 करोड़ 93 लाख 44 हजार रुपये आंकी गई है। इस कार्रवाई के बाद सीमा क्षेत्र में सक्रिय तस्करी गिरोहों में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार 45वीं वाहिनी एसएसबी वीरपुर की सीमा चौकी सतना को पिछले कुछ दिनों से सूचना मिल रही थी कि तस्कर नेपाल के रास्ते बड़ी मात्रा में गांजे की खेप भारत लाने की तैयारी कर रहे हैं।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसएसबी ने सीमा क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी थी और लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा था। शुक्रवार देर रात दत्ता टोला क्षेत्र में तैनात एसएसबी जवानों ने एक संदिग्ध नेपाली नंबर प्लेट वाले वाहन को आते देखा। जवानों ने वाहन को रोकने का संकेत दिया, लेकिन चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी और सुरक्षा बल के जवानों को कुचलने का प्रयास किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसएसबी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बोलेरो कैंपर वाहन को रोक लिया। हालांकि चालक तथा अन्य तस्कर मौके से फरार होने में सफल रहे।

वाहन की तलाशी लेने पर उसमें रखे 47 प्लास्टिक के बोरों से कुल 1733.6 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। इसके बाद जब्त वाहन और गांजे को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित एजेंसियों के हवाले कर दिया गया।45वीं वाहिनी के कार्यवाहक कमांडेंट जगदीश कुमार शर्मा ने बताया कि सीमा क्षेत्र में तस्करी रोकने के लिए एसएसबी लगातार सतर्क है और खुफिया सूचनाओं के आधार पर अभियान चलाया जा रहा है।

एसएसबी पूर्णिया रेंज के डीआईजी मधुकर अमिताभ ने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि स्थानीय पुलिस के सहयोग से इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के माध्यम से फरार तस्करों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।कार्रवाई के दौरान वीरपुर एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार सहित एसएसबी और पुलिस के कई अधिकारी मौजूद रहे। इस बड़ी बरामदगी को सीमा क्षेत्र में नशे के कारोबार के खिलाफ एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

Read More News

राज्यसभा चुनाव : हेमंत सोरेन-भूपेश बघेल मुलाकात से बढ़ी सियासी हलचल, JMM-कांग्रेस की रणनीति पर सबकी नजर

झारखंड राज्यसभा चुनाव 2026 को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कांग्रेस नेता भूपेश बघेल की अहम बैठक...

नितिन नवीन झारखंड दौरा: रामगढ़ और बोकारो में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष का भव्य स्वागत, जगह-जगह पुष्पवर्षा

News Saga Desk नितिन नवीन झारखंड दौरा के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का रामगढ़ और बोकारो जिले...

Read More