खान सर की गिरफ्तारी पर सस्पेंस रातभर कोचिंग के बाहर ढाल बनकर डटे रहे छात्र

एफआईआर के बाद पटना में भारी तनाव, छात्रों ने घेरा खान जीएस रिसर्च सेंटर

पटना में खान सर की गिरफ्तारी की अफवाहों और एफआईआर के बाद स्थिति तनावपूर्ण है। उनके समर्थन में छात्र रातभर सड़कों पर मुस्तैद रहे, जिसके चलते पुलिस को पीछे हटना पड़ा। देखिए इस बड़े बवाल की पूरी इनसाइड स्टोरी।

News Saga Desk

पटना: खान ग्लोबल स्टडीज (KGS) में हुई तोड़फोड़ और फायरिंग मामले में संचालक फैजल खान (खान सर) के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होने के 24 घंटे बाद भी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। इस बीच पुलिस की कई टीमें लगातार कोचिंग संस्थान पहुंचकर जांच में जुटी रहीं, जबकि खान सर के समर्थन में बड़ी संख्या में छात्र रातभर कोचिंग परिसर के बाहर डटे रहे।

जानकारी के मुताबिक, रातभर पुलिस की कई गाड़ियां अलग-अलग समय पर कोचिंग कैंपस पहुंचीं। प्रशासन ने छात्रों को वहां से हटाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। इसके चलते इलाके में पूरी रात तनावपूर्ण माहौल बना रहा। हालांकि, पुलिस की ओर से अब तक कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

वायरल वीडियो से जांच ने पकड़ी नई दिशा

मामले में नया मोड़ तब आया जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें खान सर के एक सुरक्षाकर्मी को कथित रूप से फायरिंग करते देखा गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तुरंत खान ग्लोबल स्टडीज पहुंचकर जांच शुरू की। दो सुरक्षा गार्डों को हिरासत में लेकर उनके हथियार जब्त किए गए हैं, जिन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।

बताया जा रहा है कि इसी आधार पर पुलिस ने फैजल खान के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की है। इससे पहले मामले में ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रौशन आनंद की गिरफ्तारी हुई थी, लेकिन वायरल वीडियो सामने आने के बाद जांच का फोकस अब खान सर और उनके संस्थान की ओर भी मुड़ गया है।

कोचिंग संस्थानों की प्रतिस्पर्धा से बढ़ा विवाद

पुलिस जांच के अनुसार, विवाद की शुरुआत बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा के परिणाम के बाद हुई प्रतिस्पर्धा से जुड़ी है। 27 मई को परिणाम जारी होने के बाद खान ग्लोबल स्टडीज और ज्ञान बिंदु कोचिंग दोनों ने अपने-अपने संस्थान से सर्वाधिक चयन होने का दावा किया था। इसके बाद दोनों संस्थानों की ओर से सम्मान समारोह आयोजित किए गए और व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया।

आरोप है कि इसी दौरान खान सर के संस्थान के कुछ कर्मचारियों ने ज्ञान बिंदु कोचिंग के बोर्ड पर अपना बैनर लगा दिया, जिससे दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया।

पथराव, तोड़फोड़ और फायरिंग तक पहुंचा मामला

विवाद धीरे-धीरे इतना बढ़ गया कि 2 और 3 जून की रात दोनों पक्षों के बीच जमकर हंगामा हुआ। आरोप है कि इस दौरान पथराव, तोड़फोड़ और फायरिंग की घटनाएं भी हुईं। घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया और जांच तेज कर दी गई।

फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। खान सर की गिरफ्तारी को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है, लेकिन इस घटनाक्रम ने पटना में कोचिंग संस्थानों के बीच बढ़ती प्रतिस्पर्धा और उससे जुड़े विवादों को लेकर नई बहस छेड़ दी है।

Read More News

संथाली फिल्म ‘आंगेन’ के लिए रवि राज मुर्मू को राष्ट्रीय पुरस्कार, रांची एयरपोर्ट पर जोरदार स्वागत

जादूगोड़ा के युवा फिल्मकार रवि राज मुर्मू को संथाली शॉर्ट फिल्म ‘आंगेन’ के लिए बेस्ट डेब्यू...

Read More