NEWS SAGA DESK
गिरिडीह। गावां थाना क्षेत्र में शनिवार को एक ऐसी घटना हुई, जिसने पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना दिया। थाना प्रभारी का सरकारी वाहन नदी पार करने के दौरान बीच धारा में फंस गया। काफी प्रयासों के बाद जेसीबी मशीन की मदद से वाहन को बाहर निकाला गया। घटना का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।
जानकारी के अनुसार, थाना प्रभारी किसी कार्य से चेरवा गांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनका सरकारी वाहन नदी के रास्ते उतार दिया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, नदी पार करने के लिए वहां दो पुल मौजूद हैं, लेकिन किसी वजह से वाहन को पुल से ले जाने के बजाय सीधे नदी के रास्ते ले जाया गया। नदी में उतरते ही वाहन बीच धारा में फंस गया और आगे बढ़ना संभव नहीं हो सका।
वाहन के फंसने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और देखते ही देखते लोगों की भीड़ जमा हो गई। पहले वाहन को बाहर निकालने के लिए स्थानीय स्तर पर प्रयास किए गए, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद जेसीबी मशीन बुलानी पड़ी। काफी मशक्कत के बाद जेसीबी की सहायता से वाहन को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया गया।
घटना के दौरान वाहन में सवार सभी लोग सुरक्षित रहे और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि, पूरे घटनाक्रम की तस्वीरें और वीडियो लोगों ने अपने मोबाइल फोन में कैद कर लिए, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। इसको लेकर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं भी दे रहे हैं।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि जब नदी पर पुल उपलब्ध थे तो वाहन को सीधे नदी के रास्ते ले जाने की आवश्यकता क्यों पड़ी। ग्रामीणों का मानना है कि संभवतः शॉर्टकट अपनाने की कोशिश में यह स्थिति उत्पन्न हुई।
फिलहाल वाहन को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, लेकिन इस मामले में प्रशासन या पुलिस विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। पूरे क्षेत्र में घटना को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है।
No Comment! Be the first one.