News Saga Desk
आज पहलगाम आतंकी हमले की पहली बरसी है। पिछले साल 2025 में इसी दिन आतंकियों ने 26 निर्दोष लोगों की जान ले ली थी। इस हमले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था और आज भी इसकी याद लोगों के दिलों में ताजा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस मौके पर मृतकों को श्रद्धांजलि देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि पहलगाम में हुए इस भयानक आतंकी हमले में जान गंवाने वाले निर्दोषों को देश कभी नहीं भूलेगा। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि पूरा राष्ट्र इस दुख की घड़ी में एकजुट है। पीएम मोदी ने दोहराया कि भारत आतंकवाद के किसी भी रूप के आगे कभी नहीं झुकेगा और आतंकियों के मंसूबे कभी कामयाब नहीं होंगे।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि 22 अप्रैल 2025 का यह कायरतापूर्ण हमला देश की स्मृतियों में हमेशा बना रहेगा। शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए उन्होंने कहा कि उनका दर्द पूरा देश साझा करता है। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत दशकों से सीमा पार आतंकवाद का सामना करता रहा है, लेकिन अब देश की प्रतिक्रिया पहले से कहीं अधिक मजबूत, स्पष्ट और निर्णायक है।
गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम स्थित बैसरन घाटी में आतंकियों ने पर्यटकों को निशाना बनाते हुए धर्म पूछ-पूछकर गोलीबारी की थी। इस हमले में 26 लोगों की मौत हुई थी और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए थे। घटना के बाद भारतीय सेना ने “ऑपरेशन सिंदूर” चलाकर आतंकियों के ठिकानों पर कड़ा प्रहार किया था।
पहलगाम हमले की यह बरसी एक बार फिर देश को आतंकवाद के खिलाफ एकजुट रहने और सख्त कार्रवाई के संकल्प की याद दिलाती है।
No Comment! Be the first one.