रांची समाहरणालय में उपायुक्त का औचक निरीक्षण, अनुपस्थित और लापरवाह कर्मियों पर कार्रवाई के निर्देश

News Saga Desk

रांची। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने मंगलवार को समाहरणालय ब्लॉक-ए स्थित विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जिला कल्याण शाखा, जिला भू-अर्जन कार्यालय, जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय और अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) कार्यालय की कार्यप्रणाली, सफाई व्यवस्था और कर्मियों की उपस्थिति का जायजा लिया गया।

निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित कर्मियों और नियमों की अनदेखी करने वालों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जिला कल्याण शाखा में अनुपस्थित पाए गए नलिता कुमारी महतो और विकास जायसवाल को शो कॉज नोटिस जारी करने को कहा गया। वहीं मुख्य लिपिक दिलीप कुमार को आईडी कार्ड न पहनने तथा क्लर्क दिनेश कुमार पासवान को टेबल पर नेम प्लेट नहीं लगाने के कारण स्पष्टीकरण मांगा गया।

जिला भू-अर्जन कार्यालय के कंप्यूटर ऑपरेटर आदर्श कुमार सिंह को भी आईडी कार्ड नहीं पहनने के लिए शो कॉज नोटिस जारी किया गया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने सभी कर्मियों को साफ-सफाई, समयबद्धता और पारदर्शी कार्यशैली को अपनाने का निर्देश दिया।

अपर जिला दंडाधिकारी कार्यालय की सराहना

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने अपर जिला दंडाधिकारी कार्यालय की व्यवस्था, स्वच्छता और समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस कार्यालय की कार्यशैली अन्य कार्यालयों के लिए आदर्श है और इसे अगली ऑल हैंड बैठक में साझा किया जाएगा।

शिक्षा अधीक्षक कार्यालय का भी लिया जायजा

उपायुक्त ने जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय में भी कर्मचारियों की उपस्थिति, नेम प्लेट और आईडी कार्ड की जांच की। जिला शिक्षा अधीक्षक बादल राज को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जन समस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर

उपायुक्त ने स्पष्ट रूप से कहा कि आम जनता को समयबद्ध और सुचारू सेवाएं मिलना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिया कि कार्यालयों में आने वाले नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान और पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए।

आगाह किया गया—अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं

भजन्त्री ने चेतावनी दी कि बिना सूचना के अनुपस्थित रहने या देर से कार्यालय आने वाले कर्मियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस तरह के औचक निरीक्षण भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे ताकि कार्यालयों में अनुशासन और दक्षता बनी रहे।

जनता के लिए जारी व्हाट्सएप हेल्पलाइन

रांची जिला प्रशासन ने नागरिकों की शिकायतों के समाधान के लिए व्हाट्सएप नंबर अबुआ साथी – 9430328080 भी जारी किया है। जिला प्रशासन का यह कदम कार्यालयों में अनुशासन, पारदर्शिता और नागरिकों को बेहतर सेवाएं देने की दिशा में एक मजबूत प्रयास माना जा रहा है।


Read More News

रांची GPO परिसर में दोपहर 3 बजे होगा प्रदर्शन, पेंशन और सेवा संबंधी मांगों को लेकर डाक विभाग को भेजा जाएगा ज्ञापन

झारखंड के डाक पेंशनर्स 11 सूत्री मांगों को लेकर 10 अगस्त को रांची GPO परिसर में धरना-प्रदर्शन...

Read More