News Saga Desk
झारखंड के जमशेदपुर से होकर बहने वाली स्वर्णरेखा नदी में हजारों मछलियों की अचानक मौत से हड़कंप मच गया है। रविवार सुबह स्थानीय मछुआरों ने नदी में बड़ी संख्या में मृत मछलियों को तैरते देखा, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
बताया जा रहा है कि डोबो पुल और आसपास के घाटों के पास यह घटना हुई, जहां नदी का पानी बेहद प्रदूषित पाया गया। प्रारंभिक आशंका है कि बिना ट्रीटमेंट के छोड़ा जा रहा सीवेज और औद्योगिक कचरा इस सामूहिक मौत का मुख्य कारण हो सकता है। स्थानीय लोगों के अनुसार, पानी में जहरीले तत्व मिलने से ऑक्सीजन का स्तर घट गया, जिससे मछलियां जीवित नहीं रह सकीं।
घटना की जानकारी मिलने पर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उनका कहना है कि जल प्रदूषण एक बड़ा पर्यावरणीय खतरा बन चुका है और जिम्मेदार एजेंसियों को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए।
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि समय रहते नदी की सफाई और प्रदूषण नियंत्रण के ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो यह समस्या और गंभीर रूप ले सकती है।
No Comment! Be the first one.