झारखंड में अगले माह से एयर होस्टेस और ग्राउंड क्रू का प्रशिक्षण, चयन साक्षात्कार पूरा

झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट में डिप्लोमा इन एविएशन एंड मैनेजमेंट पाठ्यक्रम के लिए चयन साक्षात्कार की प्रक्रिया पूरी हो गई है। प्रशिक्षण कार्यक्रम अगले माह से शुरू होने की संभावना है। एयर होस्टेस, फ्लाइट स्टीवर्ड और ग्राउंड क्रू के क्षेत्र में राज्य के युवाओं को रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण दिया जाएगा।

News Saga Desk

झारखंड सरकार के नागर विमानन विभाग के अंतर्गत संचालित झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट के एयर होस्टेस एवं ग्राउंड क्रू ट्रेनिंग विभाग द्वारा डिप्लोमा इन एविएशन एंड मैनेजमेंट पाठ्यक्रम के लिए चयन साक्षात्कार की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। वर्षों के प्रयास के बाद राज्य में अब एयर होस्टेस, फ्लाइट स्टीवर्ड और ग्राउंड क्रू जैसे रोजगारोन्मुखी विमानन प्रशिक्षण की शुरुआत होने जा रही है। प्रशिक्षण कार्यक्रम अगले माह से शुरू होने की संभावना है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की परिकल्पना और मार्गदर्शन के अनुरूप आयोजित चयन साक्षात्कार में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। चयन प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता, संचार कौशल, अंग्रेजी भाषा में दक्षता, आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और विमानन क्षेत्र के प्रति रुचि का मूल्यांकन किया गया। संस्थान के अनुसार, चयन प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरी की गई।

झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट के प्रबंध निदेशक कैप्टन एस.पी. सिन्हा ने कहा कि देश में विमानन क्षेत्र का लगातार विस्तार हो रहा है और इसके साथ रोजगार की संभावनाएं भी बढ़ रही हैं। ऐसे में झारखंड के युवाओं को राज्य में ही गुणवत्तापूर्ण एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराकर उन्हें विमानन उद्योग की जरूरतों के अनुरूप तैयार करना संस्थान की प्राथमिकता है।

उन्होंने बताया कि एयर होस्टेस, फ्लाइट स्टीवर्ड और ग्राउंड क्रू के रूप में प्रशिक्षित युवाओं के लिए एयरलाइंस, एयरपोर्ट, ग्राउंड हैंडलिंग, यात्री सेवा और एविएशन हॉस्पिटैलिटी सहित कई क्षेत्रों में करियर के अवसर उपलब्ध हो सकते हैं।

कैप्टन एस.पी. सिन्हा ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य युवाओं को सिर्फ प्रमाण-पत्र देना नहीं, बल्कि उन्हें व्यावसायिक दक्षता, प्रभावी संचार, अनुशासन, व्यक्तित्व विकास और उद्योग-उन्मुख कौशल से सुसज्जित करना है। संस्थान द्वारा इससे पूर्व कमर्शियल पायलट लाइसेंस (CPL) प्रशिक्षण भी शुरू किया जा चुका है।

माह के अंतिम सप्ताह में जारी हो सकती है पहली सूची

साक्षात्कार प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयनित अभ्यर्थियों की प्रथम वरीयता सूची माह के अंतिम सप्ताह में झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाने की संभावना है। चयनित अभ्यर्थियों को नामांकन और प्रशिक्षण से संबंधित आवश्यक जानकारी निर्धारित माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी।

Read More News

Read More