News Saga Desk
झारखंड | Chatra जिले के हंटरगंज थाना क्षेत्र स्थित डुमरी में एक अनोखी घटना सामने आई है। भारत पेट्रोलियम के जिया फ्यूल सर्विस पेट्रोल पंप पर डब्बा में डीजल नहीं मिलने से नाराज़ युवक जनरेटर को धक्का देते हुए सीधे पेट्रोल पंप पहुंच गया। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार डुमरी निवासी रोहित कुमार के घर बुधवार को छठियार समारोह आयोजित था। घर में डीजे बज रहा था और मेहमान कार्यक्रम में शामिल थे। इसी दौरान अचानक जनरेटर का डीजल खत्म हो गया, जिससे समारोह का माहौल फीका पड़ गया।
डब्बा में डीजल देने से किया मना
बताया जा रहा है कि रोहित कुमार डब्बा लेकर पेट्रोल पंप पहुंचे थे ताकि थोड़ा डीजल मिल सके, लेकिन पेट्रोल पंप कर्मियों ने प्रशासनिक गाइडलाइन का हवाला देते हुए डब्बा में डीजल देने से इनकार कर दिया। कर्मचारियों ने कहा कि जिला प्रशासन के निर्देश के अनुसार बोतल या डब्बा में तेल नहीं दिया जा सकता।
फिर जनरेटर लेकर पहुंच गया पंप
डीजल नहीं मिलने से नाराज़ युवक वापस घर लौटा और कुछ देर बाद जनरेटर को धक्का देते हुए सीधे पेट्रोल पंप पहुंच गया। वहां उसने जनरेटर में ही डीजल भरवाया। यह नजारा देखकर मौके पर मौजूद लोग भी हैरान रह गए। किसी ने इस घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया, जिसके बाद वीडियो तेजी से वायरल हो गया।
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कुछ लोग इसे नियमों की मजबूरी बता रहे हैं, जबकि कई लोग सवाल उठा रहे हैं कि आपात स्थिति में आम लोगों को थोड़ी मात्रा में डीजल भी नहीं मिलना क्या सही है।
हालांकि, इस मामले में अब तक प्रशासन या पेट्रोल पंप प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
No Comment! Be the first one.