संदेशखाली में हथियार बरामद, अग्निमित्रा बोलीं- अपराधियों का राज खत्म करने की कार्रवाई जारी

News Saga Desk

कोलकाता:पश्चिम बंगाल सरकार की महिला व शिशु कल्याण तथा शहरी विकास मंत्री अग्निमित्र पाल ने उत्तर बंगाल के दौरे के पूर्व बात करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में शुद्धिकरण का कार्य चल रहा है। मंत्री अग्निमित्रा पाल ने बसीरहाट के संदेशखाली क्षेत्र में भारी मात्रा में हथियार बरामद होने की घटना को लेकर राज्य की पूर्व सरकारों और तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि वर्षों तक सीमावर्ती क्षेत्रों में उचित निगरानी और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर प्रभावी फेंसिंग नहीं होने के कारण अपराधी तत्वों को बढ़ावा मिला और व्यवस्था धीरे-धीरे अपराधियों के नियंत्रण में चली गई। मंत्री ने कहा कि वर्ष 2013 में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने स्वयं कहा था कि यदि नगरपालिका और परिषदों में उनकी पार्टी के प्रतिनिधि नहीं रहेंगे तो शासन चलाना कठिन हो जाएगा। आज उसी तृणमूल कांग्रेस के कई जनप्रतिनिधि अपने पद छोड़ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता को समस्याओं के बीच छोड़कर भागने वाले नेताओं के घरों से राहत सामग्री, सरकारी सामान और अन्य संसाधन बरामद हो रहे हैं।

पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने उत्तर 24 परगना जिले के संदेशखाली क्षेत्र में एक तालाब से बड़ी संख्या में हथियार और कारतूस बरामद किए। अधिकारियों के मुताबिक, यह हथियार कथित तौर पर स्थानीय राजनीतिक प्रभाव वाले लोगों से जुड़े स्थान पर छिपाकर रखे गए थे। इस बरामदगी के बाद राज्य की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।

भाजपा नेताओं का कहना है कि यह कार्रवाई दर्शाती है कि संदेशखाली में लंबे समय से संगठित अपराध और अवैध हथियारों का नेटवर्क सक्रिय था। वहीं विपक्षी दल इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि कानून-व्यवस्था को पटरी पर लाने और आम लोगों में सुरक्षा की भावना पैदा करने के लिए ऐसी कार्रवाइयां आगे भी जारी रहेंगी। उन्होंने इसे “राज्य के शुद्धिकरण की प्रक्रिया” बताते हुए कहा कि अपराध और राजनीति के गठजोड़ को खत्म करना सरकार की प्राथमिकता है।

संदेशखाली में हथियारों की इस बरामदगी ने एक बार फिर क्षेत्र को राष्ट्रीय सुर्खियों में ला दिया है। सुरक्षा एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि बरामद हथियारों का इस्तेमाल किन गतिविधियों में किया जाना था और इनके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले की जांच जारी है और आने वाले दिनों में इस संबंध में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Read More News

जयपाल सिंह स्टेडियम छात्र आंदोलन: सरकार ने भेजा वार्ता का प्रस्ताव, गतिरोध खत्म होने के संकेत

रांची के जयपाल सिंह स्टेडियम में धरने पर बैठे छात्रों से राज्य सरकार ने औपचारिक बातचीत का प्रस्ताव...

Read More