झारखंड में बदला मौसम का मिजाज, कई जिलों में बारिश और तेज हवा के आसार

NEWS SAGA DESK

रांची : झारखंड में भीषण गर्मी के बीच अब मौसम ने करवट लेनी शुरू कर दी है। राज्य के कई जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत महसूस हुई। वहीं मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में आंधी, बारिश और तेज हवा चलने की संभावना जताई है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से झारखंड में प्री-मानसून गतिविधियां बढ़ रही हैं। राजधानी रांची में गुरुवार को अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो पिछले दिन की तुलना में 0.6 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

जमशेदपुर में बारिश का असर साफ दिखाई दिया। यहां अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो रांची से भी कम रहा। दूसरी ओर मेदिनीनगर में गर्मी का असर अब भी बना हुआ है, लेकिन वहां भी तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रहा, जो पिछले 24 घंटे में 2.8 डिग्री कम हुआ है।

1 जून तक आंधी और बारिश की संभावना

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 29 मई से 1 जून तक राज्य के कई हिस्सों में मौसम खराब रह सकता है। रांची समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवा चलने के आसार हैं। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।

विभाग का कहना है कि अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान में और गिरावट आ सकती है। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि तेज हवा और आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह भी दी गई है।

अभी केरल नहीं पहुंचा मानसून

मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून अभी तक केरल नहीं पहुंच पाया है। फिलहाल मानसून अंडमान-निकोबार और केरल के बीच अटका हुआ है। हालांकि केरल के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

विभाग का अनुमान है कि मानसून 29 मई से 3 जून के बीच केरल पहुंच सकता है। यदि ऐसा होता है तो झारखंड में मानसून 14 से 17 जून के बीच दस्तक दे सकता है।

इस बार सामान्य से कमजोर रह सकता है मानसून

मौसम विभाग ने अल नीनो के असर का भी जिक्र किया है। विभाग के अनुसार इस बार अल नीनो की वजह से मानसून सामान्य से थोड़ा कमजोर रह सकता है। इसका असर बारिश की मात्रा पर पड़ सकता है। हालांकि फिलहाल प्री-मानसून बारिश से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।

Read More News

Read More