News Saga Desk
झारखंड के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। राज्यभर में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली तेज आंधी, मूसलाधार बारिश और भीषण वज्रपात ने भारी तबाही मचाई है। इस प्राकृतिक आपदा में विभिन्न जिलों में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
हालांकि, पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी और लू से परेशान लोगों को बारिश से राहत मिली है। राज्य के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान में 5 से 9 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, राजस्थान से ओडिशा तक फैली एक निम्न दबाव की ट्रफ लाइन झारखंड के ऊपर से गुजर रही है। इसी मौसमी प्रणाली के प्रभाव से रांची समेत राज्य के अधिकांश जिलों में मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है।
मौसम विभाग ने शनिवार और रविवार को भी राज्य के कई हिस्सों में तेज आंधी, गरज-चमक के साथ बारिश और कुछ स्थानों पर वज्रपात की संभावना जताई है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
मौसम विभाग की सलाह:
- आंधी और वज्रपात के दौरान खुले मैदानों में न जाएं।
- पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचें।
- खराब मौसम के दौरान सुरक्षित भवनों में शरण लें।
- मौसम विभाग की चेतावनियों पर लगातार नजर रखें।
No Comment! Be the first one.