NEWS SAGA DESK
रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट सीवान की क्राइम प्रिवेंशन एंड डिटेक्शन स्क्वाड ने बुधवार को रेल संपत्ति चोरी करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से चोरी की सामग्री भी बरामद की गई है।
यह कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक सुभाष चंद्र यादव के निर्देशन में की गई। गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद रुस्तम बताया गया है, जो सीवान नगर थाना क्षेत्र के शेख मोहल्ला निवासी मोहम्मद इसराइल का पुत्र है।
जानकारी के अनुसार, 28 मई 2026 को उप निरीक्षक संजय कुमार पाण्डेय, सहायक उप निरीक्षक शैलेंद्र कुमार पाण्डेय, कांस्टेबल विनोद कुमार वर्मा और कांस्टेबल अमरेंद्र कुमार सिंह आपराधिक गतिविधियों की निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान सीवान पूर्वी यार्ड में किलोमीटर संख्या एसवी1004/एसवी1006 डाउन लाइन के पास एक संदिग्ध व्यक्ति प्लास्टिक के बोरे में भारी सामान लेकर जाता दिखाई दिया।
संदेह होने पर टीम ने उसे रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान बोरे से दो ईआरसी पैंडराल क्लिप और रेलवे का एक लोहे का प्लेट बरामद किया गया, जिस पर कर्व नंबर 51/ए अंकित था। आरोपी बरामद रेल संपत्ति से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका और न ही संतोषजनक जवाब दे पाया।
इसके बाद आरपीएफ ने आरोपी को रेल संपत्ति अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर लिया। बरामद रेल संपत्ति को जब्त करते हुए रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट सीवान में मुकदमा अपराध संख्या 05/26 दिनांक 28 मई 2026 दर्ज किया गया है। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 550 रुपये बताई गई है।
No Comment! Be the first one.