News Saga Desk
रामगढ़ | जिले के गोला वन क्षेत्र के परसाडीह जंगल में गुरुवार सुबह बड़ा हादसा हुआ। यहां एक हाथी और उसका बच्चा अचानक लगभग 25 फीट गहरे कुएं में गिर गए। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों से सैकड़ों लोग मौके पर पहुंच गए।
सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने बताया कि मां और बच्चा दोनों जिंदा और सुरक्षित हैं। उन्हें सकुशल बाहर निकालने के लिए जेसीबी मशीन और अन्य उपकरणों से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे हाथियों से दूरी बनाए रखें और भीड़ न लगाएं ताकि बचाव कार्य सुचारू रूप से हो सके।
झाड़ियों में छिपा खतरा
ग्रामीणों के मुताबिक, यह कुआं गांव के दीनाराम मांझी की जमीन पर मनरेगा योजना के तहत खोदा गया था। कुएं के चारों ओर घनी झाड़ियां फैली होने के कारण यह दिखाई नहीं देता, जिससे हाथियों को अंदाजा नहीं हो पाया और वे सीधे कुएं में गिर पड़े। सौभाग्य से कुएं में पानी कम था, जिसकी वजह से दोनों की जान बच गई।
भविष्य में खतरे की आशंका
ग्रामीणों का कहना है कि जंगल किनारे खुले और असुरक्षित कुएं जंगली जानवरों के लिए खतरा साबित हो सकते हैं। उन्होंने प्रशासन और वन विभाग से मांग की है कि ऐसे सभी कुओं को सुरक्षा घेरे से ढका जाए।
इलाके में हाथियों की बड़ी मौजूदगी
गोला वन क्षेत्र इन दिनों हाथियों की आवाजाही को लेकर चर्चा में है। हाल ही में हेंसापोड़ा जंगल में हाथियों के झुंड में तीन बच्चों का जन्म हुआ था। वर्तमान में इस इलाके में करीब 42 हाथियों का दल विचरण कर रहा है। लगातार गांवों और जंगल के बीच हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत और उत्सुकता दोनों बनी हुई है।
No Comment! Be the first one.