News Saga Desk
पूर्वी सिंहभूम | जिले के गुड़ाबांदा थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह में खनन विभाग की टीम ने अवैध बालू परिवहन के खिलाफ सशक्त अभियान चलाया।
टीम ने बिना वैध चालान के बालू ढो रहे सात हाइवा जब्त किया, जिससे अवैध खनन नेटवर्क में हड़कंप मच गया। माइनिंग इंस्पेक्टर अरविंद उरांव और थाना प्रभारी कुमार सुमित यादव के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में भाखर से दो और कोईमा से चार हाइवा पकड़े गए। बिना चालान के बालू लदे ये वाहन स्टॉक यार्ड से निकलकर परिवहन के रास्ते में थे।
वहीं विभागीय सूत्रों के अनुसार, कोईमा स्थित स्टॉक यार्ड से बालू की लोडिंग की गई थी, लेकिन चालान जारी नहीं किया गया था।कार्रवाई की भनक लगते ही अवैध परिवहन में जुटे लोगों में अफरातफरी फैल गई। कई वाहन चालक बालू को वापस स्टॉक यार्ड में उतारकर मौके से फरार हो गए। मौके पर (जेएच 05 एके 5452), (जेएच 05 डीएम 0102), (जेएच 05 डीएम 6975), (जेएच 05 सीएफ 1740), और (जेएच 05 डीयू 9517) समेत कई हाइवा बरामद की गईं। माइनिंग इंस्पेक्टर अरविंद उरांव के बयान पर थाना में दो मामले दर्ज किए गए हैं। इन मामलों में एमएमडीआर एक्ट और अन्य धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
खनन विभाग की इस सख्त कार्रवाई के बाद क्षेत्र में बालू माफियाओं में दहशत का माहौल देखा जा रहा है।
No Comment! Be the first one.