चक्रवात ‘अर्नब’ के बाद अब ‘मुरासु’ का खतरा, झारखंड में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज

झारखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। चक्रवात ‘अर्नब’ का असर कम होने के बाद अब चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ को लेकर मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जारी किया है।

NEWS SAGA DESK

झारखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। चक्रवात ‘अर्नब’ का असर कम होने के बाद अब चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ को लेकर मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जारी किया है। इसके प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक बारिश और गरज-चमक देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, 5 नवंबर तक राज्य के अलग-अलग इलाकों में मौसम का मिजाज बदला रहेगा। इसके बाद आसमान साफ होने और ठंड बढ़ने के आसार हैं।

कभी धूप तो कभी बारिश, मौसम का बदला मिजाज

राजधानी रांची में रविवार सुबह हल्की ठंड महसूस की गई। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ धूप निकल आई और मौसम सामान्य रहा। लेकिन शाम होते-होते शहर के कई इलाकों में अचानक बादल छाए और झमाझम बारिश हुई। वहीं, सोमवार सुबह राज्य के कई हिस्सों में हल्का कोहरा देखने को मिला। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, सोमवार को भी झारखंड के कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है। 3 और 4 नवंबर को राज्य के दक्षिणी तथा उससे सटे मध्यवर्ती हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। हालांकि, 5 नवंबर से मौसम में सुधार के संकेत हैं। अनुमान है कि 7 नवंबर तक आसमान काफी हद तक साफ हो जाएगा। इसके बाद तापमान में गिरावट आने से सुबह और रात के समय ठंड का एहसास बढ़ सकता है।

चक्रवात ‘मुरासु’ का झारखंड में कितना असर?

मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ का झारखंड पर सीधा प्रभाव बहुत अधिक रहने की संभावना नहीं है। हालांकि, इसके प्रभाव से कुछ इलाकों में बादल छाने, गरज-चमक और हल्की बारिश की स्थिति बन सकती है।

रांची में कब कैसा रहेगा मौसम?

  • 2 नवंबर: रांची और आसपास के इलाकों में गरज-चमक के साथ छिटपुट बारिश की संभावना।
  • 3 नवंबर: मौसम अपेक्षाकृत साफ रहने का अनुमान।
  • 4 नवंबर: आसमान में बादल छाने और गरज-चमक के साथ बारिश के आसार।
  • 5 नवंबर: मौसम में सुधार होगा और बारिश की संभावना कम रहेगी।

बारिश के बाद बढ़ेगी ठंड

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 5 नवंबर के बाद बारिश की गतिविधियों में कमी आ सकती है। वहीं, 7 नवंबर तक आसमान साफ होने की संभावना है। इसके बाद न्यूनतम तापमान में गिरावट के साथ ठंड का असर बढ़ सकता है। यानी झारखंड के लोगों को अगले कुछ दिनों तक कभी बारिश तो कभी ठंड का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।

Read More News

टाटानगर से गुजरने वाली 9 ट्रेनें रद्द, कई के रूट बदले, 8 नवंबर तक रेल यात्रियों की बढ़ेगी परेशानी

झारसुगुड़ा-बागडीह चौथी रेल लाइन और आद्रा मंडल में रखरखाव कार्यों के चलते टाटानगर होकर चलने वाली 9...

Read More