झांसी में बेजुबान जानवर के साथ क्रूरता, चूहे को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाया, वीडियो वायरल होने पर 3 आरोपी गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के झांसी में चूहे को रस्सी से बांधकर पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने का मामला सामने आया है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

News Saga Desk

उत्तर प्रदेश के झांसी से बेजुबान जानवर के साथ क्रूरता का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां कुछ युवकों ने कथित तौर पर एक जिंदा चूहे को रस्सी से बांधकर उस पर पेट्रोल डाल दिया और फिर आग लगा दी। आरोपियों ने इस पूरी घटना का वीडियो भी बनाया और सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद मामला पुलिस के संज्ञान में आया। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

रस्सी से बांधा, पेट्रोल डालकर लगाई आग

जानकारी के मुताबिक, यह घटना झांसी के कोतवाली थाना क्षेत्र के कसाई मंडी मोहल्ले की बताई जा रही है। आरोप है कि कुछ युवकों ने एक चूहे को रस्सी से बांधकर उसके साथ क्रूरता की। इसके बाद चूहे पर पेट्रोल डालकर उसे आग के हवाले कर दिया। इस दौरान आरोपियों ने घटना का वीडियो भी रिकॉर्ड किया।

बताया जा रहा है कि वीडियो को सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया था। इसके वायरल होने के बाद लोगों ने घटना पर नाराजगी जताई और पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

चार युवकों के खिलाफ मुकदमा, तीन गिरफ्तार

मामले में पुलिस ने जुनैद कुरैशी, जीशान कुरैशी, आशिफ कुरैशी और शफीक कुरैशी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 325 समेत अन्य संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की है।

पुलिस के मुताबिक, इस मामले में जुनैद, आशिफ और शफीक को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, चौथे आरोपी जीशान कुरैशी की तलाश की जा रही है।

वायरल वीडियो के बाद पुलिस ने लिया संज्ञान

सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। वीडियो और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की गई। पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।

इस घटना ने एक बार फिर बेजुबान जानवरों के प्रति क्रूरता और सोशल मीडिया पर ऐसी घटनाओं को रिकॉर्ड कर प्रसारित करने की प्रवृत्ति पर सवाल खड़े किए हैं।

Read More News

Read More