चाईबासा में काली पूजा के जश्न के बीच उस वक्त दहशत फैल गई, जब रिमुली साप्ताहिक हाट में अचानक चाकूबाजी शुरू हो गई. बाजार में खरीदारी और पूजा को लेकर लोगों की भारी भीड़ जुटी थी.
NEWS SAGA DESK
चाईबासा: काली पूजा के जश्न के बीच उस वक्त दहशत फैल गई, जब रिमुली साप्ताहिक हाट में अचानक चाकूबाजी शुरू हो गई. बाजार में खरीदारी और पूजा को लेकर लोगों की भारी भीड़ जुटी थी. इसी दौरान एक युवक ने चाकू निकालकर तीन लोगों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. इस वारदात में पिता-पुत्र समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद बाजार में भगदड़ मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. हालांकि, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
पिता-पुत्र समेत तीन लोगों को बनाया निशाना
बताया जा रहा है कि हमले की शुरुआत रिमुली गांव के रहने वाले अजय कुमार साहू और उनके बेटे सुद्दाम से हुई. आरोपी ने दोनों पर चाकू से वार कर उन्हें घायल कर दिया. इसके बाद उसने सत्या मुंडा पर हमला किया. आरोपी ने सत्या मुंडा के सिर पर चाकू से वार किया, जिससे वह जमीन पर गिर पड़े. आरोप है कि इसके बाद भी हमलावर नहीं रुका और उसने उनके गले पर भी चाकू से हमला कर दिया. इस हमले में सत्या मुंडा को गंभीर चोटें आईं.
गंभीर हालत में सत्या मुंडा क्योंझर रेफर
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तीनों घायलों को चंपुआ अस्पताल पहुंचाया. यहां डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक उपचार किया. सत्या मुंडा की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए क्योंझर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया. वहीं, अजय कुमार साहू और उनके बेटे सुद्दाम का भी अस्पताल में इलाज किया गया.
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
चाकूबाजी की सूचना मिलते ही चंपुआ पुलिस हरकत में आई और कार्रवाई करते हुए आरोपी श्रीधर नायक को गिरफ्तार कर लिया. चंपुआ थाना प्रभारी रंजन नायक ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.
No Comment! Be the first one.