अमित शाह का राहुल गांधी पर तीखा प्रहार: ‘घुसपैठियों के नाम वोटर लिस्ट से हर हाल में हटाएंगे’

NEWS SAGA DESK

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हैदराबाद में बीजेपी की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा का नेतृत्व किया। उन्होंने राहुल गांधी और कांग्रेस पर फर्जी वोटिंग और घुसपैठियों को बचाने का आरोप लगाया। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।

तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा का नेतृत्व करते हुए कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। गृह मंत्री ने आरोप लगाया कि लगातार मिल रही चुनावी हार से बौखलाकर कांग्रेस अब देश में अराजकता फैलाकर सत्ता हासिल करने और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का प्रयास कर रही है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह

अमित शाह सोमवार दोपहर हैदराबाद के बेगमपेट एयरपोर्ट पहुंचे, जहाँ केंद्रीय कोयला मंत्री जी. किशन रेड्डी और बीजेपी की तेलंगाना इकाई के वरिष्ठ नेताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। इसके बाद अमित शाह ने प्रसिद्ध चारमीनार स्थित देवी भाग्यलक्ष्मी मंदिर में दर्शन-पूजन किया और देश की सुख-समृद्धि की कामना की। तत्पश्चात उन्होंने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित की और बशीरबाग स्थित बाबू जगजीवन राम की प्रतिमा से मोजमजाही मार्केट तक विशाल ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा का नेतृत्व किया। पदयात्रा के दौरान सड़कों पर बीजेपी कार्यकर्ताओं और समर्थकों का भारी हुजूम नजर आया।

‘वोट बचाओ नहीं, घुसपैठियों को बचाने की थी रैली’

जनसभा को संबोधित करते हुए गृह मंत्री ने दिल्ली में एक दिन पहले आयोजित राहुल गांधी की रैली पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने उस कार्यक्रम को ‘वोट बचाओ रैली’ का नाम दिया था, लेकिन असल में वह फर्जी वोटिंग और घुसपैठियों को बचाने के लिए की गई रैली थी। अमित शाह ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति के पास दो-दो वोट हैं, तो उनमें से एक को रद्द किया ही जाना चाहिए।

शाह ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि मौजूदा मतदाता सूची में करीब तीन करोड़ ऐसे वोट दर्ज हैं, जिनके असली मालिक धरातल पर मौजूद ही नहीं हैं। उन्होंने इन संदिग्ध नामों को बांग्लादेशी घुसपैठियों से जोड़ते हुए कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल केवल अपने वोट बैंक की खातिर मतदाता सूची के शुद्धिकरण का विरोध कर रहे हैं। गृह मंत्री ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा, “राहुल गांधी और रेवंत रेड्डी चाहे जितनी कोशिश कर लें, बीजेपी यह सुनिश्चित करेगी कि मतदाता सूची से एक-एक घुसपैठिए का नाम हटाया जाए। इस देश में वोट देने का अधिकार केवल भारत के वैध नागरिकों को ही है।”

SIR को लेकर राहुल गांधी के दावों पर पलटवार

कांग्रेस द्वारा SIR (समरी इंटेंसिव रिवीजन) पर उठाए जा रहे सवालों पर पलटवार करते हुए अमित शाह ने याद दिलाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीजेपी ने 2014 और 2019 के आम चुनाव जनता के अपार समर्थन और वोटों के दम पर जीते थे, तब कोई SIR नहीं था।

उन्होंने कहा कि 2024 के बाद भी बीजेपी ने महाराष्ट्र, हरियाणा, दिल्ली और बिहार जैसे प्रमुख राज्यों में शानदार जीत हासिल की है। शाह ने दावा किया कि अब पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की राजनीतिक जमीन खिसक रही है और तेलंगाना की जनता भी अब राज्य में बीजेपी की सरकार बनाने के लिए पूरी तरह तैयार है।

Read More News

गुमला की नाबालिग को काम दिलाने के बहाने राजस्थान में 20 हजार में बेचा, 50 वर्षीय व्यक्ति से जबरन कराई शादी

झारखंड के गुमला में मानव तस्करी का गंभीर मामला सामने आया है। नाबालिग को नौकरी का झांसा देकर...

Read More