जल जमाव की समस्या की अनदेखी पर कांग्रेस का हल्ला बोल, दिया धरना

पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण बाढ़ और जलजमाव की भीषण समस्या उत्पन्न हो गई है। इस मुद्दे को लेकर बुधवार को पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष आनन्द बिहारी दुबे के नेतृत्व में कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेनैक) कार्यालय पहुंचा।

प्रतिनिधिमंडल ने बाढ़ग्रस्त और जलजमाव प्रभावित क्षेत्रों की समस्याओं कूडा-कचरा, कीचड़ की सफाई, ब्लीचिंग पाउडर और दवा का छिड़काव, नालियों की सफाई पर त्वरित कार्रवाई की मांग की। हालांकि जब कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल जेनैक के उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार से मिलने पहुंचा तो उन्हें बाहर इंतजार करने को कहा गया। सुरक्षाकर्मी ने बताया कि साहब मीटिंग में व्यस्त हैं। इस पर कांग्रेस नेता आक्रोशित हो उठे और बैठने की व्यवस्था नहीं होने के कारण कार्यालय कक्ष के सामने ही जमीन पर धरने पर बैठ गए।

इस स्थिति की जानकारी मिलते ही उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार प्रतिनिधिमंडल के पास पहुंचे और कहा कि वे आवश्यक कार्य में व्यस्त थे और सभी को कक्ष में चलकर चर्चा करने को कहा। जिलाध्यक्ष आनन्द बिहारी दुबे ने साफ शब्दों में कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान नहीं होने से गठबंधन सरकार की छवि धूमिल हो रही है और लोग परेशान हैं।

जिलाध्यक्ष ने कहा कि मानगो नगर निगम क्षेत्र में भी बाढ़ और जलजमाव की भयावह स्थिति बनी हुई है। उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार ने तत्काल समस्या समाधान का आश्वासन देते हुए कहा कि अधिकारी स्थल निरीक्षण के लिए भेजे जा रहे हैं समस्‍या पर त्वरित गति से कार्रवाई होगी।

आनन्द बिहारी दुबे ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा जनता के मुद्दों पर संघर्ष करती रही है और आगे भी करती रहेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक जेनैक अपने कार्यों में पारदर्शिता और उत्तरदायित्व नहीं दिखाएगा, कांग्रेस चुप बैठने वाली नहीं है।

उन्होंने जिन इलाकों का मामला उठाया, उनमें बारीडीह बस्ती, भोजपुर कॉलोनी, मिथिला कॉलोनी, नागाडुंगरी, नन्दनगर, भुइयाडीह, कान्हूभट्टा, लालभट्टा, बाबुडीह, नेहरू कॉलोनी, स्लैग रोड, काशीडीह बगान एरिया, शास्त्री नगर के सभी ब्लॉक, रामजन्मनगर, रामनगर, ग्रीन पार्क, मानगो के वैकुंठ नगर, रामनगर, श्यामनगर, संकोसाई, कुंवर बस्ती, दाईगुट्टू सहित आसपास के क्षेत्र शामिल है। उन्‍होंने कहा कि इन इलाकों में वर्षा का पानी घरों और सड़कों पर घुस जाने से आम नागरिकों का जीना मुश्किल हो गया है।

इस अवसर पर सुखदेव सिंह मल्ली, जसवंत सिंह जस्सी, अशोक सिंह, देबु चटर्जी, धर्मा राव, गुरदीप सिंह, नलिनी सिन्हा, विनोद यादव, चन्द्रवती पाल, सुरेन्द्र शर्मा, राजकिशोर प्रसाद, चिन्ना राव, बबुआ झा, हरिहर प्रसाद, राजेश कुमार सहित अन्‍य उपस्थित थे।

Read More News

रांची GPO परिसर में दोपहर 3 बजे होगा प्रदर्शन, पेंशन और सेवा संबंधी मांगों को लेकर डाक विभाग को भेजा जाएगा ज्ञापन

झारखंड के डाक पेंशनर्स 11 सूत्री मांगों को लेकर 10 अगस्त को रांची GPO परिसर में धरना-प्रदर्शन...

Read More