News Saga Desk
धनबाद | धनबाद के भूली बी ब्लॉक में शुक्रवार को उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब तिरुपति बालाजी मंदिर की थीम पर बन रहा 110 फीट ऊंचा दुर्गा पूजा पंडाल अचानक गिर गया। करीब 9.5 लाख रुपये की लागत से तैयार हो रहा यह भव्य पंडाल पूरी तरह ध्वस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पंडाल की नींव पहले से ही कमजोर थी और लगातार हो रही बारिश ने इसकी संरचना को और भी अस्थिर कर दिया था। शुक्रवार को अचानक इसकी दीवारें और छत भरभराकर गिर गईं। सौभाग्य से उस समय पंडाल में भीड़ मौजूद नहीं थी, जिससे बड़ी त्रासदी टल गई।
भूली बी ब्लॉक में हर साल भव्य दुर्गा पूजा का आयोजन होता है। इस बार आयोजन समिति ने विशेष रूप से विशाल और आकर्षक पंडाल का निर्माण कराया था। हादसे के बाद समिति ने मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया है और वैकल्पिक व्यवस्था के तहत पूजा जारी रखने की तैयारी की जा रही है।
स्थानीय निवासी मिथिलेश पासवान ने बताया कि पंडाल का निर्माण पिछले एक महीने से चल रहा था। उन्होंने कहा कि इसकी ऊंचाई करीब 110 फीट थी, लेकिन कमजोर बेस, लगातार बारिश और तेज हवाओं की वजह से यह ढांचा टिक नहीं पाया। उन्होंने यह भी कहा कि अगर यह हादसा सप्तमी या अष्टमी जैसे भीड़भाड़ वाले दिन पर होता, तो बड़ी जनहानि हो सकती थी।
No Comment! Be the first one.