News Saga Desk
कोडरमा | आदिवासी नेता सूर्या हांसदा की हत्या कर फर्जी एनकाउंटर करने की सीबीआई जांच कराने की मांग को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को कोडरमा प्रखंड मुख्यालय परिसर में झारखंड सरकार के विरोध में प्रदर्शन किया।
विधायक डॉ नीरा यादव के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार और जनविरोधी कार्यशैली के गंभीर आरोप लगाए।
इसके पूर्व चिल्ड्रेन पार्क के पास सैकड़ों पार्टी कार्यकर्ता एकत्रित हुए जहां भारी बारिश में विधायक डॉ नीरा यादव के नेतृत्व में आक्रोश रैली शिव तारा स्कूल से होते हुए प्रखंड मुख्यालय पहुंची और सभा में तब्दील हो गई। इस दौरान विधायक डॉ नीरा यादव ने हेमंत सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार झारखंड में रिम्स-2 के नाम पर आदिवासियों और किसानों का भयादोहन कर जबरन उनकी जमीनों को छीन रही है।
उन्होंने कहा कि आदिवासी नेता सूर्या हांसदा की हत्या कर फर्जी एनकाउंटर की साजिश रचना सरकार की कार्यशैली को प्रतिबिंबित करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने जनकल्याणकारी योजनाओं को भी लूट खसोट का माध्यम बना दिया है। इससे झारखंड की जनता त्राहिमाम कर रही है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कोडरमा प्रखंड अध्यक्ष सुनील पंडित और संचालन अजय पांडेय ने किया।
कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने पोस्टर-बैनर लेकर सरकार के खिलाफ आक्रोश जताया। इस दौरान हेमंत सरकार होश में आओ, सूर्या हांसदा अमर रहे, आदिवासी रैयत किसानों की जमीने वापस करो जैसे नारे लगे।
वहीं प्रदर्शनकारियों का कहना था कि हेमंत सरकार के शासनकाल में सरकारी कार्यालयों में व्यापक स्तर पर भ्रष्टाचार फैला है। जाति प्रमाण पत्र, आवासीय प्रमाण पत्र, म्यूटेशन सहित अन्य योजनाओं मंईयां सम्मान योजना का लाभ भी बिना रिश्वत के नहीं मिल रहा है।
मौके पर पार्टी के वरिष्ठ नेता राजेंद्र सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष नितेश चंद्रवंशी, जिला महामंत्री शिवेंद्र नारायण, अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला अध्यक्ष अरशद खान, उत्तम कुमार, मिथिलेश सिंह, विक्रम सिंह, चंद्रशेखर जोशी, निरंजन कसेरा, गणेश राम, प्रिया यादव सहित पार्टी नेता और कार्यकर्ता शामिल थे।
No Comment! Be the first one.