हीरापुर बिजली विभाग के वर्कशॉप में लगी भीषण आग, लाखों के नुकसान की आशंका

News Saga Desk

धनबाद | धनबाद थाना के पीछे हीरापुर बिजली सब-डिवीजन कार्यालय परिसर में स्थित एरिया बोर्ड के ट्रांसफॉर्मर रिपेयरिंग वर्कशॉप (टीआरडब्ल्यू) में सोमवार की रात करीब नौ बजे भीषण आग लग गई। आग लगते ही वर्कशॉप से धुआं और लपटें उठने लगीं, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत बिजली विभाग और धनबाद थाना को सूचना दी

जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम तीन दमकल गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रात साढ़े 11 बजे आग पर काबू पाया जा सका। आग लगने के कारणों का अब तक खुलासा नहीं हो सका है, हालांकि बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है कि थंडरिंग (आकाशीय बिजली) इसकी एक वजह हो सकती है।

रात में मची अफरातफरी

शाम पांच बजे के बाद सभी कर्मचारी काम समाप्त कर घर चले गए थे। वर्कशॉप में सिर्फ गार्ड ड्यूटी पर थे। रात नौ बजे के करीब अचानक अंदर से आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और आसपास के क्वार्टरों में रहने वाले लोग घरों से बाहर निकल आए। इस बीच बारिश भी शुरू हो गई, जिससे राहत कार्य में दिक्कतें आईं।

दमकल की छह गाड़ियां लगीं आग बुझाने में

शुरुआत में तीन दमकल गाड़ियां आग पर काबू पाने में जुटीं, लेकिन हालात बिगड़ने पर तीन और गाड़ियां बुलाई गईं। कुल छह दमकलों की मदद से देर रात आग को बुझाया जा सका। फायर कर्मियों ने बारिश के बीच लगातार दो घंटे तक आग पर नियंत्रण पाने के लिए मेहनत की

नुकसान का आज होगा आकलन

सूत्रों के अनुसार, आग वर्कशॉप के उस हिस्से में लगी जहां स्क्रैप सामग्री रखी जाती थी। पुराने ट्रांसफॉर्मर, तार और तेल जलकर राख हो गए। बिजली विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में भारी नुकसान की आशंका नहीं है, लेकिन सटीक आकलन मंगलवार को किया जाएगा।

Read More News

कांके की ऐतिहासिक बेकन फैक्ट्री फिर होगी गुलजार? मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने किया निरीक्षण

रांची के कांके स्थित ऐतिहासिक बेकन फैक्ट्री का मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने निरीक्षण किया। फैक्ट्री...

Read More