मुख्यमंत्री ने आपदा प्रबंधन विभाग का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिये आवश्यक निर्देश

NewsSaga Desk

पटना । बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को पटेल भवन पहुंचकर गृह विभाग एवं आपदा प्रबंधन विभाग का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये।

मुख्यमंत्री ने आपदा प्रबंधन विभाग तथा राज्य आपातकालीन संचालन केन्द्र का भी निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं तथा कार्य पद्धतियों की विस्तृत जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य में बारिश की स्थिति, नदियों के जलस्तर तथा फसल आच्छादन की स्थिति का जायजा लिया।

इस दौरान विकास आयुक्त सह आपदा प्रबंधन विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने राज्य में बारिश की स्थिति की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री को बताया कि पिछले 24 घंटों मे राज्य में अच्छी बारिश हुई है। राज्य के 222 प्रखंडों में 25 मिमी अथवा इससे अधिक बारिश दर्ज की गई है। गंगा, कोशी तथा बूढ़ी गंडक नदियों का जलस्तर बढ़ा है, पानी का स्तर खतरे के निशान के आसपास है। लेकिन स्थिति अभी नियंत्रण में है।

उन्होंने बताया कि राज्य में धान की फसल का आच्छादन प्रतिशत 3 अगस्त तक 79.43 प्रतिशत है, गत वर्ष इस समय तक यह 67.38 प्रतिशत था। राज्य में अच्छी वर्षा हो रही है, जिससे भू-जलस्तर भी बेहतर हुआ है।

मुख्यमंत्री ने मौके पर कहा कि राज्य आपातकालीन संचालन केन्द्र बहुत उपयोगी केन्द्र है। आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा 24 घंटे संचालित यह केन्द्र बेहतर ढंग से कार्य कर रहा है, जिसका लाभ राज्य के लोगों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में अच्छी वर्षा होने से किसानों को रोपनी कार्य में फायदा हो रहा है। नदियों के बढ़ते जलस्तर को लेकर संबंधित अधिकारी अलर्ट मोड में रहें तथा मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुरूप सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण रखें।

Read More News

Read More