शिक्षा मंत्री का ऐलान: जल्द आएगी TRE 4 वैकेंसी, 78,000 स्कूलों में शिक्षकों की जरूरत का आकलन जारी; 85% अभ्यर्थी होंगे बिहार से

News Saga Desk

पटना। शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने आज JDU कार्यालय में जनता दरबार के दौरान कहा कि जल्द ही TRE 4 (Teacher Recruitment Exam) के तहत होने वाली नियुक्तियों की जानकारी BPSC को भेजी जाएगी। सुनील कुमार ने कहा कि राज्य में लगभग 78,000 स्कूल हैं। हर स्कूल में शिक्षकों की जरूरत का आकलन किया जा रहा है, ताकि वैकेंसी की वास्तविक स्थिति सामने आ सके।

डोमिसाइल को लेकर जताया आभार

शिक्षा मंत्री ने मुख्यमंत्री का धन्यवाद करते हुए कहा कि राज्य में डोमिसाइल नीति लागू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि “TRE 4 की परीक्षा में अब 85 से 86 प्रतिशत अभ्यर्थी बिहार के ही होंगे। लंबे समय से उम्मीदवारों की ओर से इसकी मांग की जा रही थी, जिसे मुख्यमंत्री ने पूरा किया।

इसके साथ ही मंत्री ने राज्य की रसोइया बहनों और फिजिकल इंस्ट्रक्टर शिक्षकों के मानदेय में की गई बढ़ोतरी की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि करीब 2.18 लाख रसोइयों का मानदेय 1650 रुपए से बढ़ाकर 3300 रुपए कर दिया गया है। वहीं, फिजिकल इंस्ट्रक्टर का मानदेय 8000 से बढ़ाकर 16000 रुपये कर दिया गया है।

मंत्री श्रवण कुमार ने विपक्ष पर साधा निशाना

डोमिसाइल नीति को लेकर ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने भी समर्थन जताया और कहा कि यह फैसला राज्य के युवाओं के लिए फायदेमंद साबित होगा। उन्होंने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि उनके पास कोई नीति या विजन नहीं है, सिर्फ बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “विपक्ष के नेता बड़बोले हैं। उन्हें यह समझना चाहिए कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पिछले दो दशकों में बिहार में कितना विकास किया है।”

तेज प्रताप यादव द्वारा बनाए गए नए राजनीतिक गठबंधन पर टिप्पणी करते हुए श्रवण कुमार ने कहा कि वह केवल “टाइम पास” कर रहे हैं। वहीं, दिल्ली में INDIA गठबंधन की बैठक पर उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “चाहे वे दिल्ली में बैठक करें या विदेश में, इससे कुछ फर्क नहीं पड़ने वाला है।”


Read More News

Read More