पटना में RJD नेता की गोली मारकर हत्या, रंजिश या प्रॉपर्टी विवाद की आशंका; पुलिस ने शुरू की जांच

News Saga Desk

पटना। बिहार की राजधानी पटना में राजद (RJD) नेता और प्रॉपर्टी डीलर राजकुमार राय उर्फ आला राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना चित्रगुप्त नगर थाना क्षेत्र में उस समय हुई जब वह अपनी गाड़ी से घर लौट रहे थे। पुलिस के अनुसार, जैसे ही राजकुमार राय अपने घर के पास पहुंचे, पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। जान बचाने की कोशिश में वह पास के एक होटल में भागे, लेकिन हमलावर उनका पीछा करते हुए होटल के अंदर घुस गए और वहां भी कई राउंड फायरिंग की। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल राजकुमार राय को पीएमसीएच (पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटनास्थल से मिले 6 खोखे, एफएसएल टीम कर रही जांच

पुलिस ने घटनास्थल से छह खोखे बरामद किए हैं और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर जब्त कर ली गई है। मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक (एफएसएल) टीम को भी बुलाया गया है। पटना पूर्वी के एसपी परिचय कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और बताया कि मृतक का राजनीतिक गतिविधियों के साथ-साथ प्रॉपर्टी डीलिंग का काम भी था। राजकुमार राय की बहन शिला देवी ने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने 8 से 10 राउंड गोलियां चलाईं। उन्होंने बताया कि उनका भाई आगामी चुनाव में राघोपुर विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनने की तैयारी कर रहा था। परिजनों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो वे शव को सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन करेंगे।

राजनीतिक रंजिश या प्रॉपर्टी विवाद सभी एंगल पर जांच जारी

एसपी ने बताया कि फिलहाल यह कहना जल्दबाजी होगी कि हत्या का कारण राजनीतिक रंजिश है या प्रॉपर्टी से जुड़ा विवाद। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और जल्द ही अपराधियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।


Read More News

Read More