हजारीबाग में वकीलों और पुलिस विवाद ने पकड़ा तूल, 23 अधिवक्ताओं पर दर्ज हुई FIR

News Saga Desk

हजारीबाग। हजारीबाग में वकीलों और पुलिस के बीच हुए विवाद ने तूल पकड़ लिया है। पुलिस ने 23 नामजद वकीलों और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सदर थाने में दर्ज एफआईआर संख्या 282/25 में एसआई मनोज कुजूर ने आरोप लगाया है कि 9 सितंबर को कटकमसांडी क्षेत्र के डांटो खुर्द गांव में फर्जी एसीबी अधिकारी बनकर उगाही करने वाले लोगों को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा था।

11 सितंबर को जब आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, तब वकीलों के एक समूह ने उन पर हमला कर दिया। मनोज कुजूर ने कहा कि वकीलों ने उनकी वर्दी फाड़ दी, स्टार और नेमप्लेट तोड़ दिए, जातिसूचक गालियां दीं और जान से मारने की नीयत से उन पर हमला किया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ वकीलों ने उनका गला दबाया, पेन को उनके कान में घुसाया और गंभीर चोटें पहुंचाईं।

पुलिस संघ के प्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। संघ ने मांग की है कि दोषी वकीलों का बार काउंसिल से लाइसेंस रद्द किया जाए। फिलहाल, वकील पक्ष ने कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। बार एसोसिएशन में बैठक का दौर जारी है, लेकिन अब तक कोई ठोस फैसला सामने नहीं आया है। पुलिस ने आरोपित वकीलों के खिलाफ धरपकड़ तेज कर दी है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या यह टकराव और गहराएगा या फिर दोनों पक्ष सुलह की ओर बढ़ेंगे।


Read More News

Read More